पूर्व मंत्री कमाल अख्तर का 'व्हाइट हाउस' सील:मुरादाबाद नगर निगम के खिलाफ विधानसभा में उठाया था मुद्दा; निगम ने होटल-बार बिल्डिंग सील किया
मुरादाबाद नगर निगम ने समाजवादी पार्टी के विधायक और पूर्व मंत्री कमाल अख्तर की पत्नी हुमैरा अख्तर की संपत्तियों को सील कर दिया है। नगर निगम के अनुसार, हुमैरा अख्तर पर लाखों रुपये का टैक्स बकाया था, जिसके चलते यह कार्रवाई की गई है।
नगर आयुक्त दिव्यांश पटेल के निर्देश पर, निगम की टीम ने 'व्हाइट हाउस' मैरिज हॉल और 'गजल बार' को सील किया। व्हाइट हाउस पर लगभग 12.83 लाख रुपये और गजल बार पर करीब 2.40 लाख रुपये का टैक्स बकाया था। इसके अलावा, एक अन्य संपत्ति को भी सील किया गया है।
हुमैरा अख्तर वर्तमान में अमरोहा के उझारी नगर पंचायत की अध्यक्ष हैं। इन संपत्तियों में हुमैरा अख्तर के अलावा मोहित डूडेजा और नदीम चौधरी भी साझेदार हैं।
यह कार्रवाई तब हुई जब कमाल अख्तर ने मुरादाबाद नगर निगम के खिलाफ विधानसभा में मुद्दा उठाया था। नगर निगम की इस कार्रवाई को राजनीतिक दृष्टि से भी देखा जा रहा है। नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि यह कदम पूरी तरह से बकाया टैक्स की वसूली के लिए उठाया गया है और इसमें किसी भी प्रकार की राजनीतिक मंशा नहीं है।