खाद्य वस्तुओं सहित विभिन्न वस्तुओं पर जी.एस.टी. वृद्धि वापस हो
कैलाश सिंह विकास रिपोट आंनद कुमार सिंह
वाराणसी । काशी व्यापार प्रतिनिधि मण्डल के पदाधिकारियों व सम्बद्ध क्षेत्रीय व्यापार मण्डल के प्रतिनिधियों की अध्यक्ष राकेश जैन की अध्यक्षता में आज बुधवार को दोपहर में सम्पन्न हुई बैठक में व्यापारियों ने जी.एस.टी. वृद्धि पर कड़ा ऐतराज जताया।
बैठक में व्यापारियों ने कहा कि 25 किलोग्राम के सिंगल पैंकिंग और लेवल वाले अनब्रांडेड वस्तुओं पर 18 जुलाई से 5 प्रतिशत जी.एस.टी. लागू किया गया है। जिससे दाल, आटा, चावल, दूध, दही, छाछ समेत खाद्य वस्तुओं की कीमतों में 2 से 5 रु. प्रति किलो की बढ़ोत्तरी हो गयी है। व्यापारियों ने कहा कि आजादी के बाद से लेकर आज तक 75 वर्षों में खाद्य पदार्थों पर पहली बार जी.एस.टी. लागू की गयी है। जी.एस.टी. की बढ़ाई गयी दरों से आम जनता किसान हो या मजदूर, व्यापारी हो या वकील, छात्र हो या अध्यापक सभी पर इसका सीधा भार पड़ेगा। सरकार ने जी.एस.टी. की दरें बढ़ाकर बच्चों के मुँह से दूध, दही छिनने का काम किया है। इससे देश की गरीब जनता महँगाई की मार झेलने को मजबूर होगी।
व्यापारियों ने कहा कि 1, 5, 10 और 25 किलो के ब्रांडेड उत्पादनों पर जी.एस.टी. लागू करना अव्यवहारिक है। क्योंकि अगर 5-5 किलो के पैकेट मिलाकर वजन 25 किलो से ज्यादा है तो 5 फीसदी की दर से जी.एस.टी. देनी पड़ेगी। छूट तभी मिलेगी जब सिंगल पैकेट 25 किलो से अधिक होगा। डेयरी कम्पनियों के पैक्ड फूड आइटम दूध, दही, छाछ आदि पर जी.एस.टी. की दरें बढ़ाना अनुचित है।
व्यापारियों ने कहा कि ब्लेड, पेपर, कैंची, पेंसिल, सार्पनर, चम्मच, काँटें वाली चम्मच पर जी.एस.टी. पहले 12 प्रतिशत था अब इसे 18 प्रतिशत कर दिया गया है जिसका बच्चों की पढ़ाई पर प्रतिकूल असर पड़ेगा, गरीब घरों के बच्चों में पढ़ने की रुचि कम होगी।
व्यापारियों ने कहा कि एक ओर जहाँ होटल में अभी तक 1000 रुपये कमरे जी. एस. टी. के दायरे से बाहर थे, अब इन पर 12 प्रतिशत जी.एस.टी. देय होगा। वहीं दूसरी ओर एल. ई. डी. लाइट पर जी.एस.टी. 18 प्रतिशत लागू किया गया है। इस बढ़ोत्तरी से सीधा प्रभाव गरीब लोगों की जेब पर पड़ेगा। इसी प्रकार सोलर वॉटर हीटर पर पहले जी. एस. टी. 5 प्रतिशत थी, अब इसे 12 प्रतिशत कर दी गयी है।
बैठक में व्यापारियों ने एक स्वर से जी.एस. टी. वृद्धि को अनुचित ठहराते हुए सरकार से पुर्नविचार कर इसे तत्काल वापस लेने की माँग की है।
बैठक में मुख्य रुप से संरक्षक अरुण केशरी, तिलकराज कपूर, मकुन्द लाल अग्रवाल, अध्यक्ष राकेश जैन, महामंत्री राजकुमार शर्मा, उपाध्यक्ष मदन मोहन अग्रवाल, रविशंकर सिंह, अनिल यादव, दुर्गा प्रसाद गुप्ता, अशोक गुप्ता, श्रीप्रकाश पाण्डेय, प्रदीप अग्रहरि, रवि सर्राफ, कोषाध्यक्ष अनिल केशरी, युवा अध्यक्ष अखिलेश सिंह, जिलाध्यक्ष विजय यादव, महिला अध्यक्ष शालिनी गोस्वामी, प्रदीप गुप्ता, अश्वनी शाह, जगदीश चन्द्र पटेल, विनोद मिश्रा, ईमरान खान, राजेन्द्र चक्रवाल, कुमार लाल सचदेवा, अशोक चौरसिया, सुधीर चौरसिया, मुन्नी चौबे, सुनीता अग्रवाल, संजय राय, अशोक सिंह, किशन जायसवाल, नन्दलाल अरोड़ा, सोना लाल सेठ, मनोज चौरसिया, अशोक खट्टर, राजीव कपूर आदि उपस्थित थे। बैठक का संचालन महामंत्री राजकुमार शर्मा ने किया।