ताइक्वांडो में कुशीनगर का स्वर्णिम पंच, खिलाड़ियों ने जीते पांच गोल्ड - Tahkikat News

आज का Tahkikat

Monday, 12 October 2026

ताइक्वांडो में कुशीनगर का स्वर्णिम पंच, खिलाड़ियों ने जीते पांच गोल्ड


लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय गोल्डन कप में शानदार प्रदर्शन, डॉ. राजकुमार मौर्य को मिला बेस्ट कोच अवार्ड

निज प्रतिनिधि 

कुशीनगर। लखनऊ के चौक स्टेडियम के इनडोर हॉल में आयोजित दो दिवसीय यूपी राज्य स्तरीय गोल्डन कप ताइक्वांडो चैंपियनशिप में कुशीनगर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच स्वर्ण पदक अपने नाम किए। 10 और 11 अक्टूबर को यूपी ताइक्वांडो एसोसिएशन की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अलग-अलग आयु और भार वर्ग में प्रतिद्वंद्वियों को मात देकर जिले का मान बढ़ाया।

कैडेट महिला वर्ग के 36 किग्रा भार वर्ग में गनेशपुर, सुकरौली निवासी अंशिका प्रजापति ने फाइनल में लखनऊ की उर्वशी को हराकर स्वर्ण पदक जीता। जूनियर महिला के 40 किग्रा भार वर्ग में अहिरौली, पिंडरा की अर्पिता सिंह ने बस्ती की श्वेता को तथा 48 किग्रा भार वर्ग में अहिरौली की सुधा ने कानपुर की खुशबू को फाइनल में हराकर गोल्ड मेडल हासिल किया।

सब जूनियर महिला के 37 किग्रा भार वर्ग में भगवानपुर बुजुर्ग की आस्था प्रजापति ने सीतापुर की आराधना को मात देकर स्वर्ण पदक जीता। वहीं जूनियर पुरुष के अंडर-31 किग्रा भार वर्ग में गनेशपुर, सुकरौली के आदित्य कन्नौजिया ने बरेली के रजत को फाइनल में पराजित कर गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया।

डॉ. राजकुमार मौर्य को बेस्ट कोच अवार्ड

प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ताइक्वांडो कोच डॉ. राजकुमार मौर्य को बेस्ट कोच अवार्ड से सम्मानित किया गया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि ग्रैंड मास्टर जिमी आर. जगतियानी रहे। डॉ. मौर्य के अनुसार प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से करीब 400 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।

पांचों स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी डॉ. राजकुमार मौर्य के निर्देशन में नेहरू इंटर कॉलेज सेमरी, सुकरौली के परिसर में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि ये खिलाड़ी जनवरी 2027 में दिल्ली में प्रस्तावित नेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप में हिस्सा लेंगे।

नेहरू इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य धर्मेंद्र कुमार और प्रबंधक विवेक सिंह उर्फ बंटी भैया ने खिलाड़ियों को शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए नेशनल चैंपियनशिप के लिए शुभकामनाएं दीं।

No comments:

Post a Comment

तहकीकात डिजिटल मीडिया को भारत के ग्रामीण एवं अन्य पिछड़े क्षेत्रों में समाज के अंतिम पंक्ति में जीवन यापन कर रहे लोगों को एक मंच प्रदान करने के लिए निर्माण किया गया है ,जिसके माध्यम से समाज के शोषित ,वंचित ,गरीब,पिछड़े लोगों के साथ किसान ,व्यापारी ,प्रतिनिधि ,प्रतिभावान व्यक्तियों एवं विदेश में रह रहे लोगों को ग्राम पंचायत की कालम के माध्यम से एक साथ जोड़कर उन्हें एक विश्वसनीय मंच प्रदान किया जायेगा एवं उनकी आवाज को बुलंद किया जायेगा।