कृपा शंकर चौधरी।
गोरखपुर एयरफोर्स स्टेशन से रजही जाने वाले मार्ग पर तुर्रा नाले के पुल के दोनों तरफ चल रहे निर्माण कार्य में अनियमितता की शिकायत पर विधायक विपिन सिंह ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क की खुदाई कराने पर निर्धारित मानक के अनुरूप गिट्टी नहीं मिलने की बात सामने आई। इस पर विधायक ने नाराजगी जताते हुए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित कराने और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
दरअसल, पुल के दोनों ओर निर्माणाधीन सड़क पर ठेकेदार द्वारा पहले बिछाई गई गिट्टी को जेसीबी से हटाकर एक स्थान पर जमा करा दिया गया था। इसके बाद आसपास के गड्ढों से निकाली गई गीली मिट्टी सड़क के एप्रोच पर डाल दी गई। इससे मार्ग पर कीचड़ और दलदल की स्थिति बन गई थी। आवागमन के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली, दोपहिया और चारपहिया वाहन तक फंसने लगे थे। लोगों को वाहनों को बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ रही थी। इससे करीब 25 हजार आबादी वाले दर्जनों गांवों के लोगों का शहर से संपर्क प्रभावित हो रहा था।
सरकारी जमीन की खुदाई से छठ घाट प्रभावित
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुल के समीप स्थित सरकारी जमीन पर जेसीबी से खुदाई कर मिट्टी निकाली गई और उसका इस्तेमाल सड़क के एप्रोच निर्माण में किया गया। खुदाई के कारण वहां बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। इस स्थान पर तीन गांवों के लोग छठ पूजा करते हैं। पर्व के दौरान यहां करीब 15 हजार श्रद्धालुओं की भीड़ जुटती है। ऐसे में जमीन पर गड्ढे होने से छठ घाट की व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है।
ग्रामीण मन्नू राजभर, राजेश, प्रद्युम्न, वीरेंद्र पासवान और राजू पाल समेत अन्य लोगों ने दो दिन पहले इस समस्या से चारगांव के ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि रणविजय सिंह उर्फ मुन्ना को अवगत कराया था। इसके बाद समाजसेवी बृजेश सिंह उर्फ गुड्डू ने अपने खर्च से गड्ढों को भरने के लिए दर्जनों ट्रॉली मिट्टी डलवाई। उन्होंने बताया कि जेसीबी से जमीन को समतल कराकर छठ घाट को तैयार कराया जाएगा। निर्माण कार्य में अनियमितता की शिकायत संबंधित विभाग से भी की जाएगी।
वीडियो के जरिए निर्माण सामग्री पर उठाए सवाल
समाजसेवी बृजेश सिंह उर्फ गुड्डू ने फेसबुक पर वीडियो साझा कर सड़क निर्माण में इस्तेमाल हो रही सामग्री की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि सड़क पर निर्धारित करीब दो फीट गिट्टी के स्थान पर महज चार इंच गिट्टी डाली गई है। उन्होंने ईंट और अन्य निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर भी आपत्ति जताई। उनका कहना है कि यदि मानकों की अनदेखी कर निर्माण कराया गया तो भारी वाहनों के आवागमन से सड़क क्षतिग्रस्त हो सकती है।
विधायक ने अधिकारियों से मांगा जवाब
ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि रणविजय सिंह उर्फ मुन्ना ने शिकायत से विधायक विपिन सिंह को अवगत कराया। इसके बाद विधायक मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने ठेकेदार को भी मौके पर बुलवाया, लेकिन वह उपस्थित नहीं हुआ। इस दौरान लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड-तीन के अवर अभियंता संजय सैनी भी मौजूद रहे।
विधायक के निर्देश पर सड़क की कुदाल से खुदाई कराई गई। जांच के दौरान गिट्टी की मात्रा निर्धारित मानक के अनुरूप नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और अधिकारियों से जवाब तलब किया। उन्होंने तुर्रा नाले के पुल तथा छठ घाट का भी निरीक्षण किया। साथ ही निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने और मानकों के अनुसार काम पूरा कराने के निर्देश दिए।
ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि रणविजय सिंह उर्फ मुन्ना ने बताया कि निर्माण कार्य में सुधार के लिए ठेकेदार और संबंधित लोगों से कई बार कहा गया, लेकिन स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। इससे ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
वर्जन
लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड-तीन के अवर अभियंता संजय सैनी ने बताया कि विधायक के निर्देश पर वह मौके पर पहुंचे थे। निरीक्षण में निर्माण कार्य में कमियां और ठेकेदार की लापरवाही सामने आई है। ठेकेदार को सड़क से मिट्टी हटाकर निर्धारित मानक के अनुसार गिट्टी डालने का निर्देश दिया गया है।
No comments:
Post a Comment
तहकीकात डिजिटल मीडिया को भारत के ग्रामीण एवं अन्य पिछड़े क्षेत्रों में समाज के अंतिम पंक्ति में जीवन यापन कर रहे लोगों को एक मंच प्रदान करने के लिए निर्माण किया गया है ,जिसके माध्यम से समाज के शोषित ,वंचित ,गरीब,पिछड़े लोगों के साथ किसान ,व्यापारी ,प्रतिनिधि ,प्रतिभावान व्यक्तियों एवं विदेश में रह रहे लोगों को ग्राम पंचायत की कालम के माध्यम से एक साथ जोड़कर उन्हें एक विश्वसनीय मंच प्रदान किया जायेगा एवं उनकी आवाज को बुलंद किया जायेगा।