मोतीराम अड्डा चौकी ने सूचना मिलते ही खंगाले सीसीटीवी, थाने पहुंचने के बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं होने का आरोप
झंगहा। मोतीराम अड्डा चौराहे पर बस का इंतजार कर रही देवरिया की एक महिला को कथित रूप से झांसे में लेकर डेढ़ लाख रुपये से अधिक कीमत के सोने के गहने ले जाने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलने पर मोतीराम अड्डा चौकी पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। हालांकि पीड़ित पक्ष का आरोप है कि अगले दिन एफआईआर दर्ज कराने झंगहा थाने पहुंचने पर उन्हें अपेक्षित सहयोग नहीं मिला और कई घंटे बाद फिर चौकी भेज दिया गया।
देवरिया जिले के गौरी बाजार थाना क्षेत्र के कोना ग्राम सभा निवासी गिरिजा देवी पत्नी सरदार साहनी अपनी बहन के घर कौड़ीराम क्षेत्र में गई थीं। वापसी में बहन के बेटे ने उन्हें झंगहा थाना क्षेत्र के मोतीराम अड्डा चौराहे पर छोड़ा था। यहां से उन्हें बस से अपने गांव कोना जाना था।
महिला के मुताबिक चौराहे पर दो व्यक्ति मिले और रुपये का लालच देकर उन्हें बातों में उलझा लिया। आरोप है कि इसी दौरान रूमाल में लगा कोई पदार्थ उनकी नाक के पास सुंघाया गया। इसके बाद उनसे कान के टप्स, सोने की तीन ज्युतियां और मंगलसूत्र उतरवा लिया गया। दोनों व्यक्ति गहने लेकर वहां से चले गए। परिजनों के मुताबिक गहनों की कीमत डेढ़ लाख रुपये से अधिक है।
चौकी पुलिस ने शुरू की सीसीटीवी की जांच
घटना की जानकारी मिलने पर मोतीराम अड्डा चौकी पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के माध्यम से संदिग्धों की पहचान की कोशिश शुरू कर दी। पीड़ित पक्ष ने भी चौकी स्तर पर की जा रही जांच को लेकर कोई शिकायत नहीं जताई है। उनकी आपत्ति मुख्य रूप से एफआईआर दर्ज कराने के लिए थाने पहुंचने के बाद की कार्यप्रणाली को लेकर है।
बारिश में थाने पहुंची पीड़िता, फिर चौकी भेजने का आरोप
परिजनों का कहना है कि घटना के अगले दिन गिरिजा देवी रिश्तेदारों के साथ बारिश में भीगते हुए एफआईआर दर्ज कराने झंगहा थाने पहुंचीं। आरोप है कि वहां कई घंटे तक घटना के संबंध में पूछताछ की गई, लेकिन मुकदमा दर्ज किए जाने के बजाय उन्हें दोबारा मोतीराम अड्डा चौकी जाने के लिए कह दिया गया।
पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया कि थाने पर मौजूद राजेश कुमार नाम के एक पुलिसकर्मी ने बातचीत के दौरान अभद्र भाषा का भी प्रयोग किया। हालांकि इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि मोतीराम अड्डा चौकी स्तर से सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है, लेकिन उनकी चिंता एफआईआर दर्ज नहीं होने को लेकर है। सवाल यह भी उठ रहा है कि सीसीटीवी फुटेज जांच का एक माध्यम है, लेकिन जहां किसी घटना की फुटेज उपलब्ध न हो, वहां पीड़ित की शिकायत पर विधिक कार्रवाई किस प्रकार आगे बढ़ेगी। पीड़ित परिवार ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की पहचान और कार्रवाई की मांग की है।
थानाध्यक्ष बोले- सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही
झंगहा थानाध्यक्ष से मामले के संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपितों के बारे में पता चलने पर कार्रवाई की जाएगी।
महिला ने कोई पदार्थ सुंघाए जाने की बात भी कही है, हालांकि इसकी स्वतंत्र अथवा चिकित्सकीय पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही घटना के तरीके और अन्य आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
अपडेट - देर रात महिला और रिस्तेदारो को थाने ले जाकर प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
No comments:
Post a Comment
तहकीकात डिजिटल मीडिया को भारत के ग्रामीण एवं अन्य पिछड़े क्षेत्रों में समाज के अंतिम पंक्ति में जीवन यापन कर रहे लोगों को एक मंच प्रदान करने के लिए निर्माण किया गया है ,जिसके माध्यम से समाज के शोषित ,वंचित ,गरीब,पिछड़े लोगों के साथ किसान ,व्यापारी ,प्रतिनिधि ,प्रतिभावान व्यक्तियों एवं विदेश में रह रहे लोगों को ग्राम पंचायत की कालम के माध्यम से एक साथ जोड़कर उन्हें एक विश्वसनीय मंच प्रदान किया जायेगा एवं उनकी आवाज को बुलंद किया जायेगा।