रिपोर्ट विनोद कुमार सोनबरसा बाजार एवं जगदीशपुर गोरखपुर।
गोरखपुर /पिपराइच क्षेत्र के अंतर्गत ग्रामसभा कोनी में भक्ति और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला। इस विशेष अवसर पर गांव के उत्साहित युवाओं द्वारा शिव-पार्वती की एक अत्यंत भव्य एवं मनमोहक झांकी निकाली गई, जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा।
सोमवार रात लगभग 8:15 बजे कोनी चौराहे स्थित प्राचीन क्षत्रिय बाबा एवं शिव मंदिर से शोभा यात्रा का शुभारंभ हुआ। इस बार झांकी का विशेष आकर्षण 'अघोर दृश्य' और पौराणिक थीम रही। रथ पर भगवान शिव, माता पार्वती और अन्य देवी-देवताओं के सजीव रूप में सजे कलाकार विराजमान थे। रथ के निचले हिस्से को विशाल खोपड़ियों (नरमुंडों) और अघोरी कलाकृतियों से बहुत ही जीवंत रूप से सजाया गया था।
झांकी के आगे-आगे जलती हुई पारंपरिक मशालें लेकर युवा चल रहे थे, जिनकी रोशनी और धुएं से वातावरण अत्यंत अलौकिक दिखाई दे रहा था। इसके साथ ही अघोरी वेशभूषा में चेहरे पर भस्म लगाए और रूद्राक्ष धारण किए कलाकारों ने विशेष आकर्षण केंद्र बनाया।
शोभा यात्रा के दौरान डीजे और ढोल-नगाड़ों की धुन पर बज रहे शिव भजनों पर सैकड़ों युवा और ग्रामीण झूमते-नाचते नजर आए। पूरे रास्ते श्रद्धालुओं द्वारा लगाए जा रहे 'हर-हर महादेव', 'जय शिव शंभू' और के गगनभेदी जयघोष से पूरा कोनी गांव शिवमय हो गया। कई लोग इस मनमोहक पल को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करते दिखे।
गांव के युवाओं ने बताया कि गांवों में भ्रमण करने के बाद झांकी को एक निश्चित स्थान पर स्थापित किया जाएगा, जहाँ कलाकारों द्वारा शिव-पार्वती और तांडव से जुड़ी विभिन्न धार्मिक कलाकृतियों एवं लीलाओं का मंचन प्रस्तुत किया जाएगा। युवाओं के इस भव्य और अनुशासित आयोजन की पूरे क्षेत्र में सराहना की जा रही है।
No comments:
Post a Comment
तहकीकात डिजिटल मीडिया को भारत के ग्रामीण एवं अन्य पिछड़े क्षेत्रों में समाज के अंतिम पंक्ति में जीवन यापन कर रहे लोगों को एक मंच प्रदान करने के लिए निर्माण किया गया है ,जिसके माध्यम से समाज के शोषित ,वंचित ,गरीब,पिछड़े लोगों के साथ किसान ,व्यापारी ,प्रतिनिधि ,प्रतिभावान व्यक्तियों एवं विदेश में रह रहे लोगों को ग्राम पंचायत की कालम के माध्यम से एक साथ जोड़कर उन्हें एक विश्वसनीय मंच प्रदान किया जायेगा एवं उनकी आवाज को बुलंद किया जायेगा।