सोनबरसा बाजार में सफाई अभियान, जेसीबी से हटाया महीनों से जमा कूड़ा-मलबा - Tahkikat News

आज का Tahkikat

Saturday, 3 October 2026

सोनबरसा बाजार में सफाई अभियान, जेसीबी से हटाया महीनों से जमा कूड़ा-मलबा

सर्विस लेन के फुटपाथ पर गंदगी और झाड़ियों से परेशान थे राहगीर, दर्जनों मजदूरों ने भी चलाया सफाई अभियान

रिपोर्ट - विनोद कुमार सोनबरसा बाजार जगदीशपुर गोरखपुर 

सोनबरसा बाजार, गोरखपुर। एनएच-27 की दक्षिणी सर्विस लेन के फुटपाथ पर कई महीनों से जमा कूड़ा-करकट और मलबे को ग्राम प्रधान प्रतिनिधि धर्मेंद्र प्रजापति की पहल पर जेसीबी और मजदूरों की मदद से हटाया गया। लंबे समय से सफाई नहीं होने के कारण फुटपाथ पर जगह-जगह घास-फूस, झाड़ियां और मलबा जमा हो गया था, जिससे राहगीरों को आवागमन में परेशानी हो रही थी।
सफाई अभियान के दौरान जेसीबी से फुटपाथ पर जमा मलबा और कूड़ा हटाया गया। वहीं दर्जनों मजदूरों ने कुदाल और अन्य उपकरणों की मदद से घास-फूस व झाड़ियों की सफाई की। कई दिनों तक देर शाम तक चले अभियान में सर्विस लेन के आसपास का काफी हिस्सा साफ किया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार लंबे समय से सफाई नहीं होने के कारण फुटपाथ पर गंदगी का अंबार लग गया था। कूड़ा सड़ने से दुर्गंध भी फैल रही थी। बाजार में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों और आसपास के दुकानदारों को गंदगी के बीच से गुजरना पड़ रहा था। इससे संक्रमण और बीमारी फैलने की आशंका भी बनी हुई थी।
ग्रामीणों का कहना है कि एनएच-27 की सर्विस लेन और फुटपाथ की नियमित सफाई की व्यवस्था होनी चाहिए। लंबे अंतराल तक सफाई नहीं होने से कूड़ा और घास-फूस दोबारा जमा हो जाता है। लोगों ने एनएचएआई से सर्विस लेन के फुटपाथ की नियमित सफाई कराने की मांग की है।
ग्रामीणों ने कहा कि नियमित सफाई होने से राहगीरों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और सोनबरसा बाजार में स्वच्छता व्यवस्था भी बेहतर होगी।

No comments:

Post a Comment

तहकीकात डिजिटल मीडिया को भारत के ग्रामीण एवं अन्य पिछड़े क्षेत्रों में समाज के अंतिम पंक्ति में जीवन यापन कर रहे लोगों को एक मंच प्रदान करने के लिए निर्माण किया गया है ,जिसके माध्यम से समाज के शोषित ,वंचित ,गरीब,पिछड़े लोगों के साथ किसान ,व्यापारी ,प्रतिनिधि ,प्रतिभावान व्यक्तियों एवं विदेश में रह रहे लोगों को ग्राम पंचायत की कालम के माध्यम से एक साथ जोड़कर उन्हें एक विश्वसनीय मंच प्रदान किया जायेगा एवं उनकी आवाज को बुलंद किया जायेगा।