जल जीवन मिशन के अधूरे कार्य को लेकर मुख्यमंत्री से शिकायत - Tahkikat News

आज का Tahkikat

Sunday, 4 October 2026

जल जीवन मिशन के अधूरे कार्य को लेकर मुख्यमंत्री से शिकायत


रिपोर्ट - विनोद कुमार सोनबरसा बाजार जगदीशपुर गोरखपुर 

सोनबरसा बाजार। पिपराइच ब्लॉक क्षेत्र के सोनबरसा खुर्द गांव और चौराहे पर जल जीवन मिशन के तहत कराए गए कार्यों के अधूरे रहने को लेकर ग्रामीण विपिन कुमार पाण्डेय ने मुख्यमंत्री से शिकायत की है। शिकायत के साथ कार्यस्थल की तस्वीरें भी भेजी गई हैं।

शिकायतकर्ता के अनुसार, जलापूर्ति के लिए पाइपलाइन बिछाने के दौरान खोदी गई कई सड़कों की अब तक मरम्मत नहीं कराई गई है। कई स्थानों पर घरेलू कनेक्शन के लिए लगाई गई पतली पाइपें खुले में पड़ी हैं, जिससे उनके क्षतिग्रस्त होने की आशंका बनी हुई है। आरोप है कि कुछ पात्र परिवारों को अभी तक घरेलू जल कनेक्शन भी नहीं मिला है।

ग्रामीणों की मुख्य शिकायत गांव में नियमित पेयजल आपूर्ति शुरू नहीं होने को लेकर है। उनका कहना है कि कुछ स्थानों पर जल कनेक्शन सड़क के बीच में होने से आवागमन प्रभावित हो रहा है और पाइप टूटने का खतरा बना रहता है।

विपिन कुमार पाण्डेय ने मुख्यमंत्री से मामले की जांच कराने, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने, खुले में पड़ी पाइपों को सुरक्षित कराने, पात्र परिवारों को कनेक्शन उपलब्ध कराने और नियमित जलापूर्ति शुरू कराने की मांग की है। साथ ही कार्यदायी संस्था एनसीसी लिमिटेड और संबंधित अधिकारियों द्वारा कराए गए कार्यों की गुणवत्ता की जांच कराने की भी मांग की गई है।

इस संबंध में जल निगम के जेई मिथिलेश कुमार ने बताया कि हाईवे से संबंधित कार्य के लिए अनुमति नहीं मिल पाने के कारण कुछ समस्या है। उन्होंने कहा कि समस्या के समाधान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

No comments:

Post a Comment

तहकीकात डिजिटल मीडिया को भारत के ग्रामीण एवं अन्य पिछड़े क्षेत्रों में समाज के अंतिम पंक्ति में जीवन यापन कर रहे लोगों को एक मंच प्रदान करने के लिए निर्माण किया गया है ,जिसके माध्यम से समाज के शोषित ,वंचित ,गरीब,पिछड़े लोगों के साथ किसान ,व्यापारी ,प्रतिनिधि ,प्रतिभावान व्यक्तियों एवं विदेश में रह रहे लोगों को ग्राम पंचायत की कालम के माध्यम से एक साथ जोड़कर उन्हें एक विश्वसनीय मंच प्रदान किया जायेगा एवं उनकी आवाज को बुलंद किया जायेगा।