ओवरब्रिज से नीचे गिरा बाइक सवार, एम्स में देर रात तोड़ा दम
रिपोर्ट: विनोद कुमार, सोनबरसा बाजार एवं जगदीशपुर, गोरखपुर।
गोरखपुर। एम्स थाना क्षेत्र के जगदीशपुर कस्बे में फोरलेन स्थित ओवरब्रिज पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के दौरान एक युवक ओवरब्रिज से नीचे गिर गया, जबकि दो अन्य युवक ऊपर ही घायल हो गए। पुलिस ने तीनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से इलाज के लिए एम्स अस्पताल भेजा। वहां देर रात इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम छा गया।
मिली जानकारी के अनुसार, एक बाइक पर सवार होकर तीन युवक गोरखपुर से सोनबरसा बाजार की तरफ जा रहे थे। जैसे ही वे जगदीशपुर ओवरब्रिज पर पहुंचे, इसी दौरान एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक अनियंत्रित हो गई। हादसे में एक युवक ओवरब्रिज से नीचे जा गिरा, जबकि बाइक पर सवार दो अन्य युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों की पहचान विशाल (18) पुत्र वीरेंद्र निवासी सोनबरसा खुर्द, राहुल (20) पुत्र जोगेंद्र निवासी सोनबरसा खुर्द तथा नितेश (लगभग 18 वर्ष) पुत्र पूरन निवासी बसडीला रौसड़, थाना पिपराइच के रूप में हुई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही जगदीशपुर चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय मदद से तीनों घायलों को एंबुलेंस के जरिए एम्स अस्पताल भिजवाया।
बताया जा रहा है कि देर रात एम्स अस्पताल में इलाज के दौरान नितेश की मौत हो गई। इस घटना से परिजनों और परिचितों में शोक की लहर है। हादसे के बाद क्षेत्र में भी दुख का माहौल है।
No comments:
Post a Comment
तहकीकात डिजिटल मीडिया को भारत के ग्रामीण एवं अन्य पिछड़े क्षेत्रों में समाज के अंतिम पंक्ति में जीवन यापन कर रहे लोगों को एक मंच प्रदान करने के लिए निर्माण किया गया है ,जिसके माध्यम से समाज के शोषित ,वंचित ,गरीब,पिछड़े लोगों के साथ किसान ,व्यापारी ,प्रतिनिधि ,प्रतिभावान व्यक्तियों एवं विदेश में रह रहे लोगों को ग्राम पंचायत की कालम के माध्यम से एक साथ जोड़कर उन्हें एक विश्वसनीय मंच प्रदान किया जायेगा एवं उनकी आवाज को बुलंद किया जायेगा।