झंगहा डाकघर से बिना वितरण के दवा लौटाने का आरोप - Tahkikat News

आज का Tahkikat

Wednesday, 28 October 2026

झंगहा डाकघर से बिना वितरण के दवा लौटाने का आरोप


ग्रामीण ने पोस्टमैन पर घर तक पार्सल नहीं पहुंचाने का लगाया आरोप, विभागीय अधिकारियों से की कार्रवाई की मांग

झंगहा (गोरखपुर)। झंगहा ब्रांच डाकघर से एक मरीज की ऑनलाइन मंगाई गई दवा बिना घर तक पहुंचाए वापस भेजे जाने का मामला सामने आया है। झंगहा निवासी महेंद्र चौधरी ने पोस्टमैन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए डाक विभाग के उच्च अधिकारियों से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।

महेंद्र चौधरी के अनुसार उन्होंने जरूरी दवा ऑनलाइन मंगाई थी। पार्सल 16 अक्टूबर को बुक किया गया था और 23 अक्टूबर को झंगहा डाकघर पहुंचा। उनका आरोप है कि पार्सल पहुंचने के बाद पोस्टमैन यतेन्द्र ने उन्हें फोन किया। उस समय वह घर पर मौजूद नहीं थे। उन्होंने पोस्टमैन से पार्सल घर पहुंचाने और परिजनों से भुगतान लेने की बात कही थी।

आरोप है कि इसके बावजूद पार्सल घर तक नहीं पहुंचाया गया और बाद में उसे वापस भेज दिया गया। महेंद्र जब पार्सल के संबंध में जानकारी लेने डाकघर पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि पार्सल वापस हो चुका है। उनका कहना है कि दवा जरूरी होने के कारण पार्सल वापस होने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा।

डाकघर की व्यवस्था पर भी उठाए सवाल

ग्रामीणों ने झंगहा ब्रांच डाकघर की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि डाकघर के खुलने और बंद होने का समय नियमित नहीं है, जिससे लोगों को डाक, दस्तावेज और पार्सल लेने में परेशानी होती है। डाकघर परिसर की व्यवस्था और रखरखाव को लेकर भी शिकायत की गई है।

झंगहा ब्रांच डाकघर पिन कोड 273202 सरदार नगर उप डाकघर और कुंराघाट प्रधान डाकघर के अंतर्गत आता है।

उच्च अधिकारियों से कार्रवाई की मांग

महेंद्र चौधरी ने इंडिया पोस्ट के उच्च अधिकारियों और गोरखपुर मंडल के संबंधित अधिकारियों से मामले की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने संबंधित कर्मचारी की जिम्मेदारी तय करने के साथ ही जरूरी दवा का पार्सल वापस दिलाने अथवा उसके शीघ्र वितरण की व्यवस्था कराने की मांग की है।

पक्ष मिलने पर जोड़ा जाएगा
मामले में डाक विभाग अथवा संबंधित कर्मचारी का पक्ष उपलब्ध नहीं हो सका है। पक्ष मिलने पर उसे भी समाचार में शामिल किया जाएगा।

No comments:

Post a Comment

तहकीकात डिजिटल मीडिया को भारत के ग्रामीण एवं अन्य पिछड़े क्षेत्रों में समाज के अंतिम पंक्ति में जीवन यापन कर रहे लोगों को एक मंच प्रदान करने के लिए निर्माण किया गया है ,जिसके माध्यम से समाज के शोषित ,वंचित ,गरीब,पिछड़े लोगों के साथ किसान ,व्यापारी ,प्रतिनिधि ,प्रतिभावान व्यक्तियों एवं विदेश में रह रहे लोगों को ग्राम पंचायत की कालम के माध्यम से एक साथ जोड़कर उन्हें एक विश्वसनीय मंच प्रदान किया जायेगा एवं उनकी आवाज को बुलंद किया जायेगा।