गणेश पूजन के साथ रुद्र महायज्ञ शुरू, निकली भव्य कलश शोभायात्रा - Tahkikat News

आज का Tahkikat

Sunday, 25 October 2026

गणेश पूजन के साथ रुद्र महायज्ञ शुरू, निकली भव्य कलश शोभायात्रा


हाथी-घोड़ों के साथ यात्रा में उमड़े श्रद्धालु, नौ कन्याओं का पूजन कर की गई शक्ति की आराधना

रिपोर्ट : विनोद कुमार, सोनबरसा बाजार एवं जगदीशपुर, गोरखपुर

गोरखपुर। कुसम्ही क्षेत्र के ग्रामसभा मठिया में नौ दिवसीय श्री श्री रुद्र महायज्ञ का शुभारंभ शुक्रवार को वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के बीच हुआ। महायज्ञ की शुरुआत भगवान गणेश के पूजन से हुई। इसके बाद मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की प्रतीक नौ कन्याओं की विधि-विधान से पूजा कर भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई।

हाथी-घोड़ों के साथ निकली शोभायात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु शामिल हुए। देवी-देवताओं के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया। यात्रा निर्धारित मार्ग से विभिन्न मंदिरों तक पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।

कई मंदिरों में किया गया पूजन

मठिया से निकली शोभायात्रा सबसे पहले रमवापुर स्थित भगवान भोलेनाथ मंदिर पहुंची। यहां पूजन के बाद श्रद्धालु महाराजी होते हुए हनुमान मंदिर पहुंचे। इसके बाद पिपरा मुगलान स्थित मां काली मंदिर में दर्शन-पूजन किया गया।

शोभायात्रा रेलवे ढाला होते हुए मोटेश्वर नाथ मंदिर पहुंची। यहां भगवान शिव के साथ मां गंगा, यमुना और सरस्वती का पूजन किया गया। इसके बाद श्रद्धालु मां गंगा की प्रतिमा लेकर पिपराइच होते हुए गढ़वा उस्का पहुंचे और हनुमान जी की पूजा की। वहां से यात्रा लखेसरा स्थित श्री श्याम शिवा भोलेनाथ मंदिर पहुंची। सिंघोरिया होते हुए शोभायात्रा वापस मठिया स्थित यज्ञ स्थल पहुंची।

नौ कन्याओं की पूजा कर मांगी सुख-समृद्धि

यज्ञाचार्य पंडित हरिश्चंद्र उपाध्याय ने बताया कि सनातन परंपरा में शुभ कार्य की शुरुआत भगवान गणेश के पूजन से की जाती है। इसी परंपरा के तहत महायज्ञ में पहले भगवान गणेश का पूजन किया गया। इसके बाद नौ कन्याओं का पूजन कर देवी शक्ति की आराधना की गई। श्रद्धालुओं ने क्षेत्र में सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।

31 को पूर्णाहुति, एक नवंबर को भंडारा

मठिया स्थित शिव मंदिर परिसर में आयोजित नौ दिवसीय महायज्ञ के दौरान वैदिक अनुष्ठान, कथा-प्रवचन और रामलीला समेत विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम होंगे। 31 अक्टूबर को महायज्ञ की पूर्णाहुति होगी। एक नवंबर को विशाल भंडारे के साथ आयोजन का समापन होगा।

यज्ञाचार्य पंडित हरिश्चंद्र उपाध्याय के साथ आशुतोष त्रिपाठी, गया उपाध्याय, शिवम मिश्रा और शिवम उपाध्याय धार्मिक अनुष्ठानों में सहयोग कर रहे हैं।

इस दौरान ग्राम प्रधान चंद्रिका सिंह, सूरज जायसवाल, रामनारायण मल्ल, सरवन सिंह, बलिराम यादव, मंटू यादव, दुर्विजय यादव, सूरज नाथ सिंह, मदन सिंह, गिरधारी पाण्डेय, अशोक सिंह, रमेश सिंह, जोगिंदर मल्ल, जयदीप निषाद (पिंटू), विकास सिंह, लखेंद्र गुप्ता, अमन सिंह, राजेश गुप्ता, नकुल यादव, अंगद निषाद, राजकुमार निषाद, विशाल चौधरी, सोनू चौधरी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

तहकीकात डिजिटल मीडिया को भारत के ग्रामीण एवं अन्य पिछड़े क्षेत्रों में समाज के अंतिम पंक्ति में जीवन यापन कर रहे लोगों को एक मंच प्रदान करने के लिए निर्माण किया गया है ,जिसके माध्यम से समाज के शोषित ,वंचित ,गरीब,पिछड़े लोगों के साथ किसान ,व्यापारी ,प्रतिनिधि ,प्रतिभावान व्यक्तियों एवं विदेश में रह रहे लोगों को ग्राम पंचायत की कालम के माध्यम से एक साथ जोड़कर उन्हें एक विश्वसनीय मंच प्रदान किया जायेगा एवं उनकी आवाज को बुलंद किया जायेगा।