निज प्रतिनिधि
छपरा/सिवान। भोजपुरी पुनर्जागरण मंच के तत्वावधान में रविवार, 26 जुलाई 2026 को डॉ. प्रभुनाथ सिंह डिग्री कॉलेज, छपरा में ‘भोजपुरी भाषा के संवैधानिक दर्जे का सवाल : जन आंदोलन की ओर’ विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य डॉ. ओम प्रकाश सिंह ने की।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए भोजपुरी पुनर्जागरण मंच के संस्थापक अध्यक्ष श्री नरसिंह ने कहा कि किसी भी क्षेत्र के जनसमुदाय की पहचान उसकी मातृभाषा से होती है। मातृभाषा को संवैधानिक संरक्षण और दर्जा मिलने से ही किसी समाज की भाषा, संस्कृति, पहचान और अस्मिता को सुरक्षित रखा जा सकता है। उन्होंने कहा कि भोजपुरी को संवैधानिक दर्जा दिलाने की मांग किसी राजनीतिक उद्देश्य से प्रेरित नहीं है, बल्कि यह भोजपुरी भाषी क्षेत्र के लोगों की पहचान और अस्मिता से जुड़ा सवाल है। प्रत्येक जनसमुदाय को अपनी मातृभाषा और संस्कृति के संरक्षण का अधिकार है।
पूर्व प्राचार्य डॉ. ओम प्रकाश सिंह ने कहा कि भोजपुरी को संवैधानिक दर्जा दिलाने के लिए महाविद्यालय के संस्थापक द्वारा जो मशाल प्रज्वलित की गई थी, वह आज भी जल रही है। उन्होंने कहा कि भोजपुरी भाषा के संरक्षण और संवैधानिक मान्यता के लिए उस मशाल को और तेज करना तथा संदेश को जन-जन तक पहुंचाना हम सभी का नैतिक और सामाजिक दायित्व है।
विशिष्ट अतिथि नरेंद्र प्रताप मिश्रा ने कहा कि केवल गोष्ठियों तक सीमित रहने के बजाय अब भोजपुरी भाषी जनता के बीच जाकर सीधा संवाद करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जो लोग इस अभियान से जुड़ना चाहते हैं, उन्हें साथ लेकर जन आंदोलन को आगे बढ़ाया जाना चाहिए।
संगोष्ठी को श्री रामनरेश सिंह, सारण प्रमंडलीय अध्यक्ष, प्रो. अवध बिहारी मिश्रा ‘प्रभात’, प्रमंडलीय महामंत्री श्री नित्यानंद आनंद सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विवेकानंद तिवारी ने अतिथियों का अंगवस्त्र देकर स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. पप्पू सिंह ने किया।
इस अवसर पर मदन भारती, डॉ. संजय कुमार सिंह, श्री मनोज कुमार सिंह, कोमल सिंह, डॉ. नीरज दुबे, सुधीर सिंह, डॉ. लक्ष्मण गिरि, अमन राज, प्रीति कुमारी, मेहनाज खातून, कांति कुमारी, सपना कुमारी, अनुज कुमार, धर्मेंद्र प्रधान, प्रो. एनके वर्मा सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
दरौंधा में भोजपुरी पुनर्जागरण मंच की प्रखंड इकाई गठित
वहीं, 26 जुलाई को ही सिवान जिले के दरौंधा प्रखंड में भोजपुरी पुनर्जागरण मंच की संगोष्ठी आयोजित कर प्रखंड इकाई का गठन किया गया। नवगठित इकाई में श्री चुन्नीलाल चौधरी को प्रखंड संरक्षक, श्री सूदन यादव को प्रखंड अध्यक्ष, श्री नंदकिशोर प्रसाद एवं श्री गौतम प्रसाद को उपाध्यक्ष, श्री अवधेश शर्मा को कोषाध्यक्ष तथा श्री राजीव कुमार भारती को मीडिया प्रभारी बनाया गया।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए संगठन मंत्री श्री अशोक सिंह ने कहा कि भोजपुरी भाषा और संस्कृति के संरक्षण के लिए इसे संवैधानिक मान्यता मिलना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि भोजपुरी को संवैधानिक दर्जा दिलाने तक जनजागरण अभियान निरंतर जारी रहेगा।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को प्रो. भृगुनाथ प्रसाद और श्री सुभाष सिंह कुशवाहा ने बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
No comments:
Post a Comment
तहकीकात डिजिटल मीडिया को भारत के ग्रामीण एवं अन्य पिछड़े क्षेत्रों में समाज के अंतिम पंक्ति में जीवन यापन कर रहे लोगों को एक मंच प्रदान करने के लिए निर्माण किया गया है ,जिसके माध्यम से समाज के शोषित ,वंचित ,गरीब,पिछड़े लोगों के साथ किसान ,व्यापारी ,प्रतिनिधि ,प्रतिभावान व्यक्तियों एवं विदेश में रह रहे लोगों को ग्राम पंचायत की कालम के माध्यम से एक साथ जोड़कर उन्हें एक विश्वसनीय मंच प्रदान किया जायेगा एवं उनकी आवाज को बुलंद किया जायेगा।