रिपोर्ट - विनोद कुमार
पिपराइच, गोरखपुर। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन करने के बाद कांग्रेस की पूर्व जिला अध्यक्ष एवं बस्ती की कोऑर्डिनेटर निर्मला पासवान को पुलिस ने बेला काटा स्थित उनके आवास पर हाउस अरेस्ट कर लिया। कांग्रेस नेत्री के अनुसार, उन्हें बुधवार शाम करीब छह बजे से ही पुलिस की निगरानी में रखा गया है और वर्तमान समय में भी पुलिस बल उनके आवास पर मौजूद है।
हाउस अरेस्ट किए जाने के बाद कांग्रेस नेत्री निर्मला पासवान ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि वर्तमान सरकार में तानाशाही अंग्रेजों के शासन से भी बदतर हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतंत्र में किसी को अपनी आवाज उठाने की आजादी नहीं दी जा रही है और सरकार के खिलाफ बोलने वालों की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा, "कल मैंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंका था, जिसके बाद शाम छह बजे से ही पुलिस फोर्स ने मुझे गिरफ्तार कर रखा है। वर्तमान समय में मुझे पिपराइच के बेला काटा में हाउस अरेस्ट किया गया है।"
कांग्रेस नेत्री ने कहा कि वह राहुल गांधी की सिपाही हैं और किसी भी कार्रवाई से डरने वाली नहीं हैं। छात्रों के न्याय और उनके अधिकारों की लड़ाई के लिए उन्हें हजारों बार भी गिरफ्तार किया जाएगा तो वह पीछे नहीं हटेंगी।
उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज उठाना हर नागरिक का अधिकार है। उन्होंने सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाते हुए कहा कि वह छात्र हित और न्याय की लड़ाई आगे भी जारी रखेंगी।
निर्मला पासवान ने सरकार पर व्यक्तिगत टिप्पणी करते हुए कहा, "जो अपनी बीबी नहीं संभाल पाया, वह देश क्या संभालेगा।" उनके इस बयान के बाद राजनीतिक माहौल गरमाने के आसार हैं।
कांग्रेस नेत्री के हाउस अरेस्ट को लेकर स्थानीय स्तर पर भी राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। वहीं, पुलिस की ओर से हाउस अरेस्ट किए जाने के कारणों और कार्रवाई को लेकर आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। अब देखना होगा कि पुलिस की यह कार्रवाई कितने समय तक जारी रहती है और कांग्रेस इस मुद्दे को आगे किस रूप में उठाती है।
No comments:
Post a Comment
तहकीकात डिजिटल मीडिया को भारत के ग्रामीण एवं अन्य पिछड़े क्षेत्रों में समाज के अंतिम पंक्ति में जीवन यापन कर रहे लोगों को एक मंच प्रदान करने के लिए निर्माण किया गया है ,जिसके माध्यम से समाज के शोषित ,वंचित ,गरीब,पिछड़े लोगों के साथ किसान ,व्यापारी ,प्रतिनिधि ,प्रतिभावान व्यक्तियों एवं विदेश में रह रहे लोगों को ग्राम पंचायत की कालम के माध्यम से एक साथ जोड़कर उन्हें एक विश्वसनीय मंच प्रदान किया जायेगा एवं उनकी आवाज को बुलंद किया जायेगा।