रिपोर्ट: विनोद कुमार
पिपराइच (गोरखपुर)। बेला स्थित डिफेंस गार्डन में सोमवार को लोकदल की ओर से विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन और जनसभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी सुनील सिंह ने किसान, मजदूर और युवाओं की समस्याओं को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लोकदल किसान, मजदूर और युवाओं के अधिकारों की आवाज को मजबूती से उठाता रहेगा।
चौधरी सुनील सिंह ने कहा कि देश का किसान और मजदूर कई तरह की आर्थिक और सामाजिक चुनौतियों से जूझ रहा है। युवाओं के सामने रोजगार का संकट भी गंभीर है। उन्होंने कहा कि लोकदल भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के किसान हितैषी विचारों को आगे बढ़ाते हुए किसानों के अधिकारों की लड़ाई लड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि कई किसान संगठन इंडो-यूएस ट्रेड डील के संभावित प्रभावों को लेकर अपनी चिंता जता रहे हैं। किसानों के हितों को सुरक्षित रखने के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) को कानूनी गारंटी देने की मांग का समर्थन करते हुए उन्होंने कहा कि कृषि और किसानों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।
लोकदल अध्यक्ष ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में महंगाई और रोजगार के सीमित अवसरों के कारण मजदूर और गरीब परिवार परेशान हैं। गांवों में रोजगार के नए अवसर पैदा करने के साथ श्रमिकों और जरूरतमंद परिवारों के लिए सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किए जाने की जरूरत है।
उन्होंने गोरखपुर क्षेत्र की स्थानीय समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि किसानों को फसलों का लाभकारी मूल्य, समय से खाद-बीज की उपलब्धता, पर्याप्त सिंचाई, छुट्टा पशुओं से फसल की सुरक्षा और बाढ़ व जलभराव जैसी समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। इसके अलावा युवाओं के रोजगार, खराब सड़कों, बिजली आपूर्ति, स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं, कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दे भी गंभीर हैं। इन समस्याओं का समाधान सिर्फ घोषणाओं से नहीं, बल्कि प्रभावी कार्रवाई से ही संभव है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से किसानों, मजदूरों, युवाओं, व्यापारियों और आम लोगों के अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लोकदल जनहित से जुड़े हर मुद्दे पर जनता के साथ खड़ा है और भविष्य में भी उनकी आवाज को मजबूती से उठाता रहेगा।
कार्यक्रम में लोकदल के वरिष्ठ नेता ओंकार नाथ यादव, डॉ. रामकिशुन नेता समेत पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।
No comments:
Post a Comment
तहकीकात डिजिटल मीडिया को भारत के ग्रामीण एवं अन्य पिछड़े क्षेत्रों में समाज के अंतिम पंक्ति में जीवन यापन कर रहे लोगों को एक मंच प्रदान करने के लिए निर्माण किया गया है ,जिसके माध्यम से समाज के शोषित ,वंचित ,गरीब,पिछड़े लोगों के साथ किसान ,व्यापारी ,प्रतिनिधि ,प्रतिभावान व्यक्तियों एवं विदेश में रह रहे लोगों को ग्राम पंचायत की कालम के माध्यम से एक साथ जोड़कर उन्हें एक विश्वसनीय मंच प्रदान किया जायेगा एवं उनकी आवाज को बुलंद किया जायेगा।