कृपा शंकर चौधरी, गोरखपुर ब्यूरो
नई दिल्ली। गोरखपुर के सांसद रवि किशन शुक्ल ने संसद भवन में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने गोरखपुर और पूर्वांचल से जुड़े रक्षा मंत्रालय के अधिकार क्षेत्र के विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों को लेकर रक्षा मंत्री से विस्तार से चर्चा की।
बैठक में सांसद रवि किशन ने गोरखपुर एयरपोर्ट के विस्तार का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती यात्री संख्या, क्षेत्र में तेजी से हो रहे आर्थिक विकास और देश-विदेश से बेहतर हवाई संपर्क को देखते हुए गोरखपुर एयरपोर्ट का विस्तार जल्द किया जाना आवश्यक है। इसके अलावा उन्होंने रक्षा मंत्रालय से संबंधित अन्य जनहित के विषयों और स्थानीय समस्याओं को भी रक्षा मंत्री के समक्ष रखा।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सांसद द्वारा उठाए गए सभी विषयों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई एवं विषयों का परीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनहित से जुड़े मामलों पर सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ आवश्यक सहयोग का भरोसा भी दिलाया।
भेंट के बाद सांसद रवि किशन ने रक्षा मंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा कि गोरखपुर और पूर्वांचल के विकास के लिए वह लगातार प्रयास कर रहे हैं। क्षेत्र की जनता से जुड़े मुद्दों को केंद्र सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से रखना उनका दायित्व है। उन्होंने कहा कि गोरखपुर एयरपोर्ट का विस्तार क्षेत्र में विकास, निवेश, पर्यटन और रोजगार के नए अवसरों के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा।
सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार पूर्वांचल के समग्र विकास की दिशा में लगातार काम कर रही है। गोरखपुर को देश के प्रमुख विकास केंद्रों में शामिल कराने के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर जल्द सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।
No comments:
Post a Comment
तहकीकात डिजिटल मीडिया को भारत के ग्रामीण एवं अन्य पिछड़े क्षेत्रों में समाज के अंतिम पंक्ति में जीवन यापन कर रहे लोगों को एक मंच प्रदान करने के लिए निर्माण किया गया है ,जिसके माध्यम से समाज के शोषित ,वंचित ,गरीब,पिछड़े लोगों के साथ किसान ,व्यापारी ,प्रतिनिधि ,प्रतिभावान व्यक्तियों एवं विदेश में रह रहे लोगों को ग्राम पंचायत की कालम के माध्यम से एक साथ जोड़कर उन्हें एक विश्वसनीय मंच प्रदान किया जायेगा एवं उनकी आवाज को बुलंद किया जायेगा।