कृपा शंकर चौधरी
धर्मशाला के लिए जमीन और पूर्व अध्यक्ष की प्रतिमा स्थापित करने की मंत्री ने की घोषणा
गोरखपुर। पटवा युवा समाज सेवा समिति के तत्वावधान में ऐतिहासिक रामलीला मैदान में पटवा युवा समाज का विशाल सम्मेलन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समाज के युवाओं को शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने के साथ संगठन की एकजुटता और समाज के विकास पर चर्चा की गई। सम्मेलन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे समाज के लोगों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, विशिष्ट अतिथि गोरखपुर की पूर्व महापौर सत्या पांडेय और उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष राचू चौधरी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। आयोजकों ने अतिथियों का अंगवस्त्र, माला और स्मृति चिह्न भेंटकर स्वागत किया।
समारोह में शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। 10वीं की परीक्षा में 95 प्रतिशत अंक हासिल करने वाले सक्षम पटवा, 91 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले कृत्रिक पटवा और 83 प्रतिशत अंक पाने वाले अंश पटवा तथा 12वीं में 80 प्रतिशत अंक हासिल करने वाले आदित्य पटवा को सम्मानित किया गया। समाज के लिए उत्कृष्ट सेवाओं के लिए मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र पटवा को भी अंगवस्त्र, माला और मेडल देकर सम्मानित किया गया।
मंत्री ने की दो बड़ी घोषणाएं
सम्मेलन को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की चर्चा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार समाज के सभी वर्गों के विकास के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने समाज के लोगों से राष्ट्र निर्माण और सामाजिक विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
इस दौरान पटवा समाज की मांग पर मंत्री ने गोरखपुर नगर निगम क्षेत्र में समाज के लिए धर्मशाला निर्माण को भूमि उपलब्ध कराने के संबंध में नगर निगम अधिकारियों और नगर आयुक्त से वार्ता करने का आश्वासन दिया। साथ ही पटवा समाज के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय ओमप्रकाश पटवा की स्मृति में गोरखपुर में उनकी प्रतिमा स्थापित कराने की घोषणा भी की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में पटवा युवा समाज समिति के प्रमुख कार्यकर्ता एवं कैबिनेट मंत्री के प्रतिनिधि आकाश पटवा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके अलावा मनीष पटवा, धर्मेंद्र पटवा, श्याम पटवा, अनूप पटवा, आदर्श पटवा, हर्ष पटवा, विजय बहादुर पटवा, शुभम पटवा और आदित्य पटवा सहित अन्य लोगों ने सहयोग किया। समारोह के अंत में समाज के लोगों ने एकजुट होकर सामाजिक उत्थान और आपसी सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लिया।
No comments:
Post a Comment
तहकीकात डिजिटल मीडिया को भारत के ग्रामीण एवं अन्य पिछड़े क्षेत्रों में समाज के अंतिम पंक्ति में जीवन यापन कर रहे लोगों को एक मंच प्रदान करने के लिए निर्माण किया गया है ,जिसके माध्यम से समाज के शोषित ,वंचित ,गरीब,पिछड़े लोगों के साथ किसान ,व्यापारी ,प्रतिनिधि ,प्रतिभावान व्यक्तियों एवं विदेश में रह रहे लोगों को ग्राम पंचायत की कालम के माध्यम से एक साथ जोड़कर उन्हें एक विश्वसनीय मंच प्रदान किया जायेगा एवं उनकी आवाज को बुलंद किया जायेगा।