करमाजीतपुर गांव में पसरा मातम, पार्थिव शरीर भारत लाने की प्रक्रिया शुरू
देवरिया। ओमान के पूर्वी तट के पास वाणिज्यिक मालवाहक जहाज MV Cape Dao पर हुए हमले में देवरिया जिले के गौरी बाजार थाना क्षेत्र स्थित करमाजीतपुर गांव निवासी सूरज यादव की मौत हो गई। सूरज जहाज पर वाइपर के पद पर कार्यरत थे और करीब एक माह पहले ही रोजगार के सिलसिले में ओमान गए थे।
जानकारी के अनुसार, 23 सितंबर को जहाज पर हमला हुआ। हमले के बाद चालक दल के सदस्यों ने जान बचाने के लिए समुद्र में छलांग लगा दी। इसी दौरान जहाज से निकला मलबा सूरज के सिर से टकरा गया, जिससे उन्हें गंभीर चोट लगी और उनकी मौत हो गई। भारतीय अधिकारियों ने भी सूरज की मौत की पुष्टि की है।
सूरज यादव करमाजीतपुर गांव के अहीरवाटी टोला निवासी ओमप्रकाश यादव के पुत्र थे। वह मुंबई की एक कंपनी के माध्यम से वाणिज्यिक जहाज पर नौकरी करने गए थे। परिवार के अनुसार, यह उनकी पहली विदेश यात्रा थी। उनके पिता भी रोजी-रोटी के सिलसिले में विदेश में रहते हैं।
चार भाइयों में सबसे बड़े थे सूरज
सूरज चार भाइयों में सबसे बड़े थे और अविवाहित थे। उनके छोटे भाई सन्नी, समीर और साहिल अभी पढ़ाई कर रहे हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां पुष्पा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण उनके घर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया।
20 भारतीय नाविक थे सवार
फॉरवर्ड सीमेन्स यूनियन ऑफ इंडिया के अनुसार जहाज पर कुल 28 चालक दल सदस्य सवार थे, जिनमें 20 भारतीय थे। भारतीय अधिकारियों के अनुसार अन्य भारतीय नाविकों को सुरक्षित निकाल लिया गया। विदेश मंत्रालय और भारतीय दूतावास ओमान के अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहे हैं। सूरज का पार्थिव शरीर भारत लाने के लिए भी आवश्यक प्रक्रिया की जा रही है।
सूरज की मौत से करमाजीतपुर गांव के यादव टोले में मातम पसरा हुआ है। परिजनों और ग्रामीणों की नजर अब उनके पार्थिव शरीर के गांव पहुंचने पर टिकी है।
No comments:
Post a Comment
तहकीकात डिजिटल मीडिया को भारत के ग्रामीण एवं अन्य पिछड़े क्षेत्रों में समाज के अंतिम पंक्ति में जीवन यापन कर रहे लोगों को एक मंच प्रदान करने के लिए निर्माण किया गया है ,जिसके माध्यम से समाज के शोषित ,वंचित ,गरीब,पिछड़े लोगों के साथ किसान ,व्यापारी ,प्रतिनिधि ,प्रतिभावान व्यक्तियों एवं विदेश में रह रहे लोगों को ग्राम पंचायत की कालम के माध्यम से एक साथ जोड़कर उन्हें एक विश्वसनीय मंच प्रदान किया जायेगा एवं उनकी आवाज को बुलंद किया जायेगा।