रिपोर्ट विनोद कुमार सोनबरसा बाजार एवं जगदीशपुर गोरखपुर।
गोरखपुर/पिपराइच क्षेत्र के नथुआ बेला कांटा में स्थित एम.डी. मॉडर्न पब्लिक स्कूल में मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मेडल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। वहीं,पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को महिला सुरक्षा,साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी से बचाव के प्रति जागरूक करते हुए सतर्कता बरतने की अपील की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उपनिरीक्षक तेज बहादुर सिंह, उपनिरीक्षक सोनू गुप्ता तथा महिला उपनिरीक्षक दीपिका श्रीराम अवध ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने महिला सुरक्षा,सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल, ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध के मामले तेजी से सामने आ रहे हैं। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति को जागरूक और सतर्क रहना बेहद जरूरी है।
उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, अपना ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी या निजी विवरण किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। सोशल मीडिया पर किसी भी जानकारी को साझा करने से पहले सावधानी बरतें। किसी भी प्रकार की परेशानी, उत्पीड़न या साइबर ठगी का शिकार होने पर बिना देर किए पुलिस की सहायता लें।
विद्यालय के डायरेक्टर रामप्रवेश सिंह ने मेधावी छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि विद्यार्थियों की सफलता उनकी मेहनत, लगन और अनुशासन का परिणाम है। शिक्षा का उद्देश्य केवल अच्छे अंक प्राप्त करना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को जागरूक, जिम्मेदार और संस्कारवान नागरिक बनाना भी है। ऐसे आयोजन बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ उन्हें जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम के अंत में मेधावी विद्यार्थियों को मेडल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के साथ-साथ महिला सुरक्षा और साइबर अपराध के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर हरिकेश सिंह, सच्चिदानंद सिंह,पप्पू सिंह, विशाल सिंह, भूपेंद्र पांडेय, संतोष गुप्ता, आदि लोग मौजूद हैं
No comments:
Post a Comment
तहकीकात डिजिटल मीडिया को भारत के ग्रामीण एवं अन्य पिछड़े क्षेत्रों में समाज के अंतिम पंक्ति में जीवन यापन कर रहे लोगों को एक मंच प्रदान करने के लिए निर्माण किया गया है ,जिसके माध्यम से समाज के शोषित ,वंचित ,गरीब,पिछड़े लोगों के साथ किसान ,व्यापारी ,प्रतिनिधि ,प्रतिभावान व्यक्तियों एवं विदेश में रह रहे लोगों को ग्राम पंचायत की कालम के माध्यम से एक साथ जोड़कर उन्हें एक विश्वसनीय मंच प्रदान किया जायेगा एवं उनकी आवाज को बुलंद किया जायेगा।