जन्माष्टमी पर भक्ति में डूबा एम्स और पिपराइच क्षेत्र - Tahkikat News

आज का Tahkikat

Saturday, 5 September 2026

जन्माष्टमी पर भक्ति में डूबा एम्स और पिपराइच क्षेत्र


सोनबरसा बाजार से बेला कांटा तक गूंजे श्रीकृष्ण के जयकारे, देर रात तक चलता रहा भजन-कीर्तन

रिपोर्ट - विनोद कुमार 

सोनबरसा बाजार/पिपराइच। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व शुक्रवार को एम्स क्षेत्र से लेकर पिपराइच क्षेत्र के विभिन्न गांवों में धूमधाम, श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। सोनबरसा बाजार, जगदीशपुर, रामुडीहा, रामपुर बुजुर्ग, बेला कांटा, नथुआ, गोविंदपुर, पिपराबसंत, हेमछापर, लुहसी, रावतपार और गौरा सहित आसपास के गांवों में देर रात तक भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे गूंजते रहे। मंदिरों और पूजा स्थलों की आकर्षक सजावट के साथ जगह-जगह झांकियां निकाली गईं।

सोनबरसा बाजार और बेला कांटा स्थित शिव मंदिर से भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक झांकी निकाली गई। झांकी में बाल कृष्ण के विभिन्न स्वरूपों के साथ राधा-कृष्ण की आकर्षक प्रस्तुतियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं। भक्ति गीतों और जयकारों के बीच निकली झांकी का ग्रामीणों ने जगह-जगह स्वागत किया। बच्चों और युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

आधी रात को गूंजा ‘नंद के घर आनंद भयो’

जन्माष्टमी को लेकर सुबह से ही मंदिरों और पूजा स्थलों पर तैयारियां शुरू हो गई थीं। शाम होते ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों के बीच जैसे ही मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण का जन्म हुआ, शंख, घंटा-घड़ियाल और जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद प्रसाद का वितरण किया गया।

बेला कांटा शिव मंदिर के पुजारी ने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। मध्यरात्रि में जन्म के समय शंख और घंटा-घड़ियाल बजाए गए तथा श्रद्धालुओं ने ‘नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारे लगाए।

गांव-गांव दिखा उत्साह

एम्स क्षेत्र के सोनबरसा बाजार और पिपराइच क्षेत्र के नथुआ गांव में भी जन्माष्टमी को लेकर विशेष उत्साह रहा। आदित्य शर्मा, आलोक शर्मा और प्रियांशु ने बताया कि सोनबरसा बाजार में लोगों ने मिल-जुलकर जन्माष्टमी का आयोजन किया। वहीं नथुआ के अनिरुद्ध सिंह ने बताया कि बच्चों और युवाओं ने आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिससे पर्व का उत्साह और बढ़ गया।

लुहसी में देर शाम से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। भजन-कीर्तन के साथ भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया गया। लुहसी के मानवेंद्र यादव ने कहा कि जन्माष्टमी का पर्व लोगों को आपस में जोड़ने का काम करता है। गांव में सभी लोगों ने मिलकर उत्साहपूर्वक पर्व मनाया।

गोविंदपुर, पिपराबसंत और हेमछापर में मंदिरों व पूजा स्थलों को आकर्षक ढंग से सजाया गया। रावतपार और गौरा में भी भजन-कीर्तन और झांकी के कार्यक्रम आयोजित किए गए। कई स्थानों पर बच्चों ने राधा-कृष्ण का रूप धारण कर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

पूरे क्षेत्र में देर रात तक धार्मिक गीतों, भजनों और श्रीकृष्ण के जयकारों की गूंज सुनाई देती रही। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण से परिवार में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। जन्माष्टमी के अवसर पर गांव-गांव दिखाई दिया उत्साह और धार्मिक उल्लास पूरे क्षेत्र में पर्व की भव्यता को दर्शाता रहा।

No comments:

Post a Comment

तहकीकात डिजिटल मीडिया को भारत के ग्रामीण एवं अन्य पिछड़े क्षेत्रों में समाज के अंतिम पंक्ति में जीवन यापन कर रहे लोगों को एक मंच प्रदान करने के लिए निर्माण किया गया है ,जिसके माध्यम से समाज के शोषित ,वंचित ,गरीब,पिछड़े लोगों के साथ किसान ,व्यापारी ,प्रतिनिधि ,प्रतिभावान व्यक्तियों एवं विदेश में रह रहे लोगों को ग्राम पंचायत की कालम के माध्यम से एक साथ जोड़कर उन्हें एक विश्वसनीय मंच प्रदान किया जायेगा एवं उनकी आवाज को बुलंद किया जायेगा।