राष्ट्रीय मंत्री बनने के बाद पहली बार गोरखपुर पहुंचीं संगीता यादव, झंगहा में हुआ भव्य स्वागत - Tahkikat News

आज का Tahkikat

Tuesday, 1 September 2026

राष्ट्रीय मंत्री बनने के बाद पहली बार गोरखपुर पहुंचीं संगीता यादव, झंगहा में हुआ भव्य स्वागत


झंगहा चौराहे पर उमड़ा जनसैलाब, ढोल-नगाड़ों के बीच कार्यकर्ताओं ने लगाए जयकारे; बुलडोजर से हुई पुष्पवर्षा

रिपोर्ट - महेंद्र चौधरी 

झंगहा। भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय मंत्री बनाए जाने के बाद पहली बार गोरखपुर पहुंचीं संगीता यादव का झंगहा चौराहे पर भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भव्य स्वागत किया। स्वागत समारोह के दौरान चौराहा उत्सव के रंग में नजर आया। कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया।

झंगहा चौराहे पर जिला पंचायत सदस्य सुनील गुप्ता ने पुष्पगुच्छ देकर संगीता यादव का स्वागत किया। वहीं, जंगल गौरी नंबर एक के ग्राम प्रधान सुमित पटेल उर्फ राजा की ओर से बुलडोजर से पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया गया। इसके अलावा बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं और बूथ अध्यक्षों ने भी फूल-मालाओं के साथ स्वागत किया।

संगीता यादव का काफिला जैसे ही झंगहा चौराहे पर पहुंचा, कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत करते हुए नारे लगाए। महिलाओं ने आरती उतारकर और तिलक लगाकर उनका अभिनंदन किया। स्वागत के दौरान पूरे चौराहे पर उत्सव जैसा माहौल बना रहा।

इस मौके पर संगीता यादव ने कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि राष्ट्रीय मंत्री का दायित्व मिलना केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि चौरीचौरा और गोरखपुर के कार्यकर्ताओं का सम्मान है। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने जो जिम्मेदारी और विश्वास उन्हें सौंपा है, उस पर खरा उतरने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगी।

उन्होंने संगठन को मजबूत करने और केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने को अपनी प्राथमिकता बताया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि भाजपा में समर्पित कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।

स्वागत समारोह में भाजपा के जिला एवं मंडल पदाधिकारियों के अलावा बूथ अध्यक्ष, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा के कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रही। अंत में संगीता यादव ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।

No comments:

Post a Comment

तहकीकात डिजिटल मीडिया को भारत के ग्रामीण एवं अन्य पिछड़े क्षेत्रों में समाज के अंतिम पंक्ति में जीवन यापन कर रहे लोगों को एक मंच प्रदान करने के लिए निर्माण किया गया है ,जिसके माध्यम से समाज के शोषित ,वंचित ,गरीब,पिछड़े लोगों के साथ किसान ,व्यापारी ,प्रतिनिधि ,प्रतिभावान व्यक्तियों एवं विदेश में रह रहे लोगों को ग्राम पंचायत की कालम के माध्यम से एक साथ जोड़कर उन्हें एक विश्वसनीय मंच प्रदान किया जायेगा एवं उनकी आवाज को बुलंद किया जायेगा।