पूर्वांचल जर्नलिस्ट प्रेस क्लब का संगोष्ठी एवं प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित
रिपोर्ट - विनोद कुमार सोनबरसा बाजार गोरखपुर।
सोनबरसा गोरखपुर। पूर्वांचल जर्नलिस्ट प्रेस क्लब उत्तर प्रदेश की ओर से रविवार को शहीद बंधू सिंह के पैतृक गांव डुमरी खास स्थित मैरेज लान में वर्तमान पत्रकारिता एवं चुनौतियां विषय पर संगोष्ठी और प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पत्रकारिता की मौजूदा चुनौतियों, बदलते मीडिया परिदृश्य और पत्रकारों की जिम्मेदारियों पर वक्ताओं ने विचार रखे।
मुख्य वक्ता वरिष्ठ पत्रकार एवं पूर्व राज्य सूचना आयुक्त हर्षवर्धन शाही ने कहा कि समय और अनुशासन का पालन करने वाला व्यक्ति ही जीवन में सफलता प्राप्त करता है। पत्रकारिता में भी अनुशासन के साथ खबर की गहराई से पड़ताल और सभी पक्षों का मत जानना जरूरी है। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम पायदान तक पहुंचकर वास्तविकता सामने लाना ही पत्रकारिता का मूल उद्देश्य है। पत्रकारों को किसी प्रकार के दबाव अथवा लालच से प्रभावित हुए बिना निष्पक्षता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
विशिष्ट वक्ता गोरखपुर जर्नलिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष रत्नाकर सिंह ने कहा कि बदलते दौर में पत्रकारिता करना पहले की अपेक्षा अधिक चुनौतीपूर्ण हो गया है। पत्रकारिता के पुरोधाओं ने कठिन परिस्थितियों में भी सच्चाई और विश्वसनीयता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाई। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में मीडिया संस्थानों की अपनी सीमाएं हैं, फिर भी पत्रकारों को परिस्थितियों के बीच सामंजस्य बनाकर पत्रकारिता धर्म का पालन करना होगा। सत्ता से सवाल करना पत्रकारिता के प्रमुख दायित्वों में शामिल है। पत्रकारिता में गति से अधिक विश्वसनीयता महत्वपूर्ण है।
मान्यता प्राप्त पत्रकार समिति के अध्यक्ष अरविन्द राय ने कहा कि पत्रकार बनने के लिए पत्रकारिता के नियमों और अनुशासन का पालन करना जरूरी है। सोशल मीडिया वर्तमान समय की बड़ी चुनौती है, लेकिन प्रिंट मीडिया की विश्वसनीयता लंबे समय तक बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित सूचना को तथ्यों की कसौटी पर परखना जरूरी है। यूट्यूबर और डिजिटल प्लेटफार्म से जुड़े लोगों को भी नियम और अनुशासन का ध्यान रखना चाहिए।
विशिष्ट वक्ता मनोज कुमार सिंह ने मीडिया की स्वतंत्रता पर चर्चा करते हुए कहा कि पत्रकारिता को सत्ता के प्रभाव से दूर रहकर समाज के वास्तविक मुद्दों को सामने लाना चाहिए। वहीं डॉ. दिनेश मणि त्रिपाठी ने पत्रकारिता के विभिन्न पहलुओं पर विचार रखते हुए प्रेस क्लब की पहल की सराहना की।
खेल व विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं का सम्मान
कार्यक्रम के दूसरे सत्र में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। खेल के क्षेत्र में महिला खिलाड़ी अर्पिता सरोज, अंतरराष्ट्रीय कुश्ती खिलाड़ी पुष्पा यादव, किक बॉक्सर मानसी निषाद, हॉकी कोच रीता मिश्रा, ताइक्वांडो कोच गुलशेर सिंह गिल, क्रिकेटर इमरान अली व शाह आलम, एथलीट हरिओम यादव, धाविका स्नेहा यादव, सिद्धि, हरिओम जायसवाल, वंशिका यादव तथा कैप्टन आद्या प्रसाद दुबे को सम्मानित किया गया।
शिक्षा के क्षेत्र में डॉ. दिनेश मणि त्रिपाठी व डॉ. सतीश यादव, चिकित्सा के क्षेत्र में डॉ. ओमशिव मणि व डॉ. शाहनवाज को सम्मान मिला। सर्प संरक्षण के क्षेत्र में कार्य करने वाले पंकज निषाद व अयूब अली तथा समाजसेवा के क्षेत्र में एसके शर्मा, सरदार सुखदेव सिंह मजीठिया और अमित जायसवाल को भी सम्मानित किया गया।
इसके अलावा समूह के रूप में बेहतर कार्य करने वाली 20 से अधिक महिलाओं, प्रेस क्लब के कुशीनगर अध्यक्ष संदीप त्रिपाठी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी, वीरेश राय सहित अन्य पत्रकारों को भी सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रेस क्लब के प्रदेश अध्यक्ष राज अनंत पांडेय ने की। उन्होंने अतिथियों और प्रतिभाओं के प्रति आभार व्यक्त किया। संचालन प्रेस क्लब के महामंत्री दिलशाद आलम ने किया।
कार्यक्रम में यह लोग रहे मौजूद
ओपी गुप्ता, डॉ. राम प्रताप विश्वकर्मा, प्रमोद जायसवाल, डॉ. अरविन्द कुमार, राजेश जायसवाल, मुन्जेश प्रजापति , कमलेश कुमार, शशिभूषण, हरिश्चंद्र राय, फारुख अहमद, दुर्गेश यादव, सर्वेश त्रिपाठी, अजीत यादव, हरेन्द्र द्विवेदी, सतीश पांडेय, सुनील सिंह, जसवीर मोदनवाल सहित प्रेस क्लब के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।
No comments:
Post a Comment
तहकीकात डिजिटल मीडिया को भारत के ग्रामीण एवं अन्य पिछड़े क्षेत्रों में समाज के अंतिम पंक्ति में जीवन यापन कर रहे लोगों को एक मंच प्रदान करने के लिए निर्माण किया गया है ,जिसके माध्यम से समाज के शोषित ,वंचित ,गरीब,पिछड़े लोगों के साथ किसान ,व्यापारी ,प्रतिनिधि ,प्रतिभावान व्यक्तियों एवं विदेश में रह रहे लोगों को ग्राम पंचायत की कालम के माध्यम से एक साथ जोड़कर उन्हें एक विश्वसनीय मंच प्रदान किया जायेगा एवं उनकी आवाज को बुलंद किया जायेगा।