स्कूल की जमीन पर पेड़ों की कटान का आरोप, ग्राम प्रधान ने पैमाइश और कार्रवाई की मांग - Tahkikat News

आज का Tahkikat

Saturday, 17 October 2026

स्कूल की जमीन पर पेड़ों की कटान का आरोप, ग्राम प्रधान ने पैमाइश और कार्रवाई की मांग


रिपोर्ट - कृपा शंकर चौधरी 

झंगहा (गोरखपुर)। ग्राम सभा झंगहा में प्राथमिक विद्यालय एवं खेलकूद के मैदान की भूमि पर लगे पेड़ों को चोरी-छिपे काटकर बेचने का आरोप लगाते हुए ग्राम प्रधान ने संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायत की है। ग्राम प्रधान ने संबंधित भूमि की पैमाइश कराकर पेड़ों को चिन्हित करने और मामले में नियमानुसार कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

ग्राम प्रधान रामबेलास यादव की ओर से तहसील चौरीचौरा के संपूर्ण समाधान प्रभारी को दिए गए प्रार्थना-पत्र के अनुसार ग्राम सभा में गाटा संख्या 1133/1 में 0.146 हेक्टेयर भूमि प्राथमिक विद्यालय एवं खेलकूद के मैदान के लिए दर्ज है। वहीं गाटा संख्या 1133/2 में 0.288 हेक्टेयर भूमि प्राथमिक विद्यालय की बताई गई है।

शिकायत में कहा गया है कि उक्त भूमि पर करीब 20 वर्ष पुराने बड़ी संख्या में पेड़ लगे हैं। इनमें 56 आम, 151 शीशम, 10 सागौन, 19 यूकेलिप्टस, छह कटहल, एक जामुन, एक आंवला, पांच नीम, एक बांस की कोठी और 14 अमरूद के पेड़ शामिल हैं।

ग्राम प्रधान का आरोप है कि गांव के हरेंद्र उर्फ मकोले पुत्र श्यामलाल तथा सन्नी और सचिन पुत्रगण मकोले द्वारा उक्त भूमि पर पहले से मकान बनाया गया है। आरोप है कि इसी दौरान भूमि पर लगे पेड़ों को चोरी-छिपे काटकर बेचा जा रहा है और कई पेड़ों को काटकर बेचे जाने की बात भी शिकायत में कही गई है।

ग्राम प्रधान ने प्रशासन से भूमि की पैमाइश कराकर सरकारी भूमि एवं उस पर मौजूद पेड़ों को चिन्हित करने तथा शिकायत की जांच कर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। अब मामले में प्रशासनिक जांच और पैमाइश के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

No comments:

Post a Comment

तहकीकात डिजिटल मीडिया को भारत के ग्रामीण एवं अन्य पिछड़े क्षेत्रों में समाज के अंतिम पंक्ति में जीवन यापन कर रहे लोगों को एक मंच प्रदान करने के लिए निर्माण किया गया है ,जिसके माध्यम से समाज के शोषित ,वंचित ,गरीब,पिछड़े लोगों के साथ किसान ,व्यापारी ,प्रतिनिधि ,प्रतिभावान व्यक्तियों एवं विदेश में रह रहे लोगों को ग्राम पंचायत की कालम के माध्यम से एक साथ जोड़कर उन्हें एक विश्वसनीय मंच प्रदान किया जायेगा एवं उनकी आवाज को बुलंद किया जायेगा।