रिपोर्ट: उपेंद्र कुमार पांडेय | आज़मगढ़
आज़मगढ़। शिक्षा व्यवस्था में सुधार, परीक्षाओं में पारदर्शिता और उच्च शिक्षण संस्थानों में छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर छात्रों और युवाओं ने आवाज बुलंद की। इस संबंध में छात्र नेता अखिलेश पांडेय के नेतृत्व में छात्रों का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा और राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से छात्रों ने प्रतियोगी और शैक्षणिक परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं तथा पेपर लीक की घटनाओं पर चिंता जताई। छात्रों का कहना है कि परीक्षाओं में पेपर लीक होने से मेहनत करने वाले लाखों अभ्यर्थियों के भविष्य पर प्रतिकूल असर पड़ता है। इससे युवाओं में निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था को लेकर निराशा बढ़ रही है।
छात्रों ने मांग की कि देशभर में पेपर लीक की घटनाओं पर प्रभावी ढंग से रोक लगाई जाए और इसमें शामिल दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही सभी विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में लंबे समय से बंद छात्रसंघ चुनावों को जल्द बहाल करने की मांग भी उठाई गई, ताकि छात्रों को लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का अवसर मिल सके।
ज्ञापन में सभी भर्ती एवं प्रतियोगी परीक्षाओं को निष्पक्ष, पारदर्शी और निर्धारित समयसीमा के भीतर कराने की मांग की गई। साथ ही शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के लिए जिम्मेदारी तय करने तथा संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने की बात कही गई।
इस अवसर पर अभिनव यादव, ऋषभ मौर्या, प्रियांशु यादव, रविकांत यादव, अमन यादव, सुनील कुमार, विशाल यादव, लक्ष्मण यादव, अतुल यादव, रितेश यादव, आमिशा खान, दुर्गविजय मौर्य, अजीत यादव सहित अन्य छात्र एवं युवा मौजूद रहे।
No comments:
Post a Comment
तहकीकात डिजिटल मीडिया को भारत के ग्रामीण एवं अन्य पिछड़े क्षेत्रों में समाज के अंतिम पंक्ति में जीवन यापन कर रहे लोगों को एक मंच प्रदान करने के लिए निर्माण किया गया है ,जिसके माध्यम से समाज के शोषित ,वंचित ,गरीब,पिछड़े लोगों के साथ किसान ,व्यापारी ,प्रतिनिधि ,प्रतिभावान व्यक्तियों एवं विदेश में रह रहे लोगों को ग्राम पंचायत की कालम के माध्यम से एक साथ जोड़कर उन्हें एक विश्वसनीय मंच प्रदान किया जायेगा एवं उनकी आवाज को बुलंद किया जायेगा।