5 अगस्त के राज्यस्तरीय कार्यक्रम की रणनीति पर मंथन, अयोध्या चंदा प्रकरण और कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार से पूछे सवाल
शंकर चौधरी
गोरखपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा 5 अगस्त को लखनऊ में आयोजित होने वाली पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय जनेश्वर मिश्र की जयंती समारोह की तैयारियों को लेकर नामित प्रदेश संयोजक एवं बलिया के सांसद सनातन पांडेय ने मंगलवार को गोरखपुर के बेतियाहाता स्थित पार्टी कार्यालय में गोरखपुर मंडल के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष ब्रजेश कुमार गौतम ने की, जबकि संचालन शशिकांत दुबे ने किया।
बैठक में सांसद सनातन पांडेय ने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में लखनऊ पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय जनेश्वर मिश्र के विचार समाजवादी आंदोलन की प्रेरणा हैं और उनकी जयंती को व्यापक जनभागीदारी के साथ मनाया जाएगा।
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में सांसद ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण से जुड़े कथित चंदा अनियमितता प्रकरण पर भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि यदि मामले में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं तो केवल निचले स्तर के कर्मचारियों पर कार्रवाई पर्याप्त नहीं है। जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित पदाधिकारियों की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण की पारदर्शी जांच हो तथा दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए।
सांसद ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था, ब्राह्मण समाज से जुड़े मुद्दों तथा राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों पर कार्रवाई को लेकर भी राज्य सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में सभी को समान न्याय मिलना चाहिए और किसी भी कार्रवाई में निष्पक्षता बनी रहनी चाहिए।
बैठक के बाद सांसद सनातन पांडेय ने पार्टी नेताओं के साथ जिला कारागार पहुंचकर अयोध्या प्रकरण में गिरफ्तार समाजवादी पार्टी के नेता अरविंद शुक्ला तथा उनके सहयोगियों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना।
इस दौरान सांसद रामभुआल निषाद, जिलाध्यक्ष ब्रजेश कुमार गौतम, महानगर अध्यक्ष शब्बीर कुरैशी, पूर्व मंत्री राधेश्याम सिंह सहित गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर और महराजगंज समेत विभिन्न जनपदों के पार्टी पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment
तहकीकात डिजिटल मीडिया को भारत के ग्रामीण एवं अन्य पिछड़े क्षेत्रों में समाज के अंतिम पंक्ति में जीवन यापन कर रहे लोगों को एक मंच प्रदान करने के लिए निर्माण किया गया है ,जिसके माध्यम से समाज के शोषित ,वंचित ,गरीब,पिछड़े लोगों के साथ किसान ,व्यापारी ,प्रतिनिधि ,प्रतिभावान व्यक्तियों एवं विदेश में रह रहे लोगों को ग्राम पंचायत की कालम के माध्यम से एक साथ जोड़कर उन्हें एक विश्वसनीय मंच प्रदान किया जायेगा एवं उनकी आवाज को बुलंद किया जायेगा।