एम्स में काम के दौरान मजदूर की मौत, चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया - Tahkikat News

आज का Tahkikat

Monday, 10 August 2026

एम्स में काम के दौरान मजदूर की मौत, चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया


रिपोर्ट : विनोद कुमार, सोनबरसा बाजार एवं जगदीशपुर, गोरखपुर

गोरखपुर। एम्स थाना क्षेत्र स्थित एम्स अस्पताल परिसर में रविवार को काम करने के दौरान एक मजदूर की अचानक मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। मृतक की पहचान पिपराइच थाना क्षेत्र के रामपुर खुर्द निवासी दशरथ (45) पुत्र स्वर्गीय रघुवर के रूप में हुई है।

बताया गया कि दशरथ दैनिक मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से ताल्लुक रखने वाले दशरथ की मजदूरी ही परिवार की आय का प्रमुख साधन थी। रविवार दोपहर करीब 11 बजे वह एम्स अस्पताल परिसर में काम कर रहे थे, इसी दौरान उनकी मौत हो गई।

परिजनों के अनुसार दशरथ ने बचपन से ही काफी संघर्ष देखा था। महज सात वर्ष की उम्र में ही उनके माता-पिता का निधन हो गया था। इसके बाद उन्होंने मजदूरी करते हुए अपना जीवन आगे बढ़ाया और परिवार की जिम्मेदारियां संभालीं। दशरथ के चार बच्चे हैं। उनकी अचानक मौत से परिवार के सामने बच्चों के पालन-पोषण और घर की रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। दशरथ की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका वास्तविक कारण जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

उधर, मौत की सूचना रामपुर खुर्द गांव पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतक के परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए उचित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

No comments:

Post a Comment

तहकीकात डिजिटल मीडिया को भारत के ग्रामीण एवं अन्य पिछड़े क्षेत्रों में समाज के अंतिम पंक्ति में जीवन यापन कर रहे लोगों को एक मंच प्रदान करने के लिए निर्माण किया गया है ,जिसके माध्यम से समाज के शोषित ,वंचित ,गरीब,पिछड़े लोगों के साथ किसान ,व्यापारी ,प्रतिनिधि ,प्रतिभावान व्यक्तियों एवं विदेश में रह रहे लोगों को ग्राम पंचायत की कालम के माध्यम से एक साथ जोड़कर उन्हें एक विश्वसनीय मंच प्रदान किया जायेगा एवं उनकी आवाज को बुलंद किया जायेगा।