कृपा शंकर चौधरी
झंगहा/गोरखपुर। क्षेत्राधिकारी चौरी चौरा कुंदन कुमार सिंह ने शनिवार को झंगहा थाने का औचक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था, अभिलेखों के रखरखाव और लंबित मामलों की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही आम जनता के साथ शालीन व्यवहार करने की हिदायत दी।
सीओ ने थाना कार्यालय में अपराध रजिस्टर, त्योहार रजिस्टर, जनसुनवाई पंजिका और हिस्ट्रीशीटरों से संबंधित अभिलेखों की जांच की। उन्होंने लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण तरीके से उनका निस्तारण करने के निर्देश दिए। साथ ही वांछित और वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए प्रभावी कार्रवाई करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान मालखाने का भी जायजा लिया गया। मालखाने में रखे सामान की स्थिति की जानकारी लेते हुए सीओ ने नियमानुसार आवश्यक वस्तुओं के उचित निस्तारण की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने थाना परिसर में बाउंड्रीवाल निर्माण समेत अन्य लंबित कार्यों के लिए प्रस्ताव तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजने को कहा। पुलिसकर्मियों के लिए डाइनिंग हाल की व्यवस्था के संबंध में भी प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया।
महिला हेल्प डेस्क का निरीक्षण करते हुए क्षेत्राधिकारी ने वहां तैनात महिला पुलिसकर्मियों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि थाने पहुंचने वाली महिलाओं की शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना जाए तथा प्रत्येक मामले में नियमानुसार पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
सीओ ने पुलिसकर्मियों के आवास और मेस का भी निरीक्षण किया। मेस में भोजन की गुणवत्ता और थाना परिसर की साफ-सफाई पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिसकर्मियों को लगातार सतर्क रहने के निर्देश दिए।
क्षेत्राधिकारी ने रात्रि गश्त को और प्रभावी बनाने पर जोर देते हुए प्रमुख चौराहों एवं संवेदनशील स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की नियमित जांच करने को कहा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। जनता के साथ अच्छा व्यवहार करने से पुलिस के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत होगा।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी निरीक्षक ज्ञानेंद्र सिंह, एसएसआई अश्विनी चौबे सहित थाने पर तैनात सभी उपनिरीक्षक और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
No comments:
Post a Comment
तहकीकात डिजिटल मीडिया को भारत के ग्रामीण एवं अन्य पिछड़े क्षेत्रों में समाज के अंतिम पंक्ति में जीवन यापन कर रहे लोगों को एक मंच प्रदान करने के लिए निर्माण किया गया है ,जिसके माध्यम से समाज के शोषित ,वंचित ,गरीब,पिछड़े लोगों के साथ किसान ,व्यापारी ,प्रतिनिधि ,प्रतिभावान व्यक्तियों एवं विदेश में रह रहे लोगों को ग्राम पंचायत की कालम के माध्यम से एक साथ जोड़कर उन्हें एक विश्वसनीय मंच प्रदान किया जायेगा एवं उनकी आवाज को बुलंद किया जायेगा।