पुराने कार्यकर्ता को नहीं भूले मुख्यमंत्री, निधन के बाद परिवार तक पहुंची मदद - Tahkikat News

आज का Tahkikat

Sunday, 9 August 2026

पुराने कार्यकर्ता को नहीं भूले मुख्यमंत्री, निधन के बाद परिवार तक पहुंची मदद


मुख्यमंत्री राहत कोष से पत्नी को मिला दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक

कृपा शंकर चौधरी ब्यूरो गोरखपुर 

खोराबार/गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि वर्षों पहले साथ जुड़े कार्यकर्ताओं की याद और उनके परिवारों के प्रति संवेदना आज भी उनके मन में कायम है। विकास खंड खोराबार के ग्राम सभा रामपुर (रा) के केरवानी टोला निवासी स्वर्गीय शिवचंद निषाद के निधन के बाद उनके परिवार को मुख्यमंत्री राहत कोष से दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।

रविवार को गोरखपुर सदर के उपजिलाधिकारी एवं गोरखपुर ग्रामीण विधायक विपिन सिंह ने स्वर्गीय शिवचंद निषाद की पत्नी को दो लाख रुपये का सहायता राशि का चेक सौंपा। शनिवार को शिवचंद निषाद का ब्रह्मभोज संपन्न हुआ था, जिसके बाद रविवार को उनके परिवार को यह सहायता उपलब्ध कराई गई।

बताया जाता है कि स्वर्गीय शिवचंद निषाद का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से करीब 1998 से संपर्क रहा। उस समय योगी आदित्यनाथ पहली बार सांसद निर्वाचित हुए थे और क्षेत्र के भ्रमण के दौरान खोराबार क्षेत्र में लोगों से उनका संपर्क होता था। वर्ष 2002 में हिंदू युवा वाहिनी के गठन के बाद शिवचंद निषाद ने संगठन के कार्यों में बढ़-चढ़कर योगदान दिया। लंबे समय तक संगठन और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहने के कारण वह योगी आदित्यनाथ के करीबी कार्यकर्ताओं में गिने जाते थे।

पिछले कई वर्षों से शिवचंद निषाद का स्वास्थ्य खराब चल रहा था। आर्थिक स्थिति भी ठीक नहीं थी। उनके निधन की जानकारी मुख्यमंत्री तक पहुंचने के बाद परिवार की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई। मुख्यमंत्री की ओर से मिली इस सहायता ने आर्थिक संकट से जूझ रहे परिवार को संबल देने का काम किया है।

इस दौरान गोरखपुर ग्रामीण विधायक विपिन सिंह, सदर उपजिलाधिकारी सहित कृष्णचंद वर्मा, प्रहलाद सिंह, विजय प्रताप निषाद, लालबचन निषाद, मनोज जायसवाल, सुनील पटेल, बबलू जायसवाल, विशाल गुप्ता, पानेलाल निषाद, रविन्द्र चौधरी, अभिषेक निषाद, आर्यन वर्मा सहित भारी संख्या में लोग मौजूद रहे।

क्षेत्र में इस बात की चर्चा रही कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्षों पुराने अपने कार्यकर्ता के निधन के बाद भी उसे और उसके परिवार को नहीं भुलाया। लोगों का कहना है कि राजनीतिक जीवन में लंबे समय तक साथ रहने वाले कार्यकर्ताओं के परिवार की सुध लेना मुख्यमंत्री की संवेदनशील कार्यशैली को दर्शाता है। शिवचंद निषाद के परिवार तक पहुंची यह सहायता उनके पुराने संबंधों और कार्यकर्ताओं के प्रति मुख्यमंत्री के लगाव की एक मिसाल के रूप में देखी जा रही है।

No comments:

Post a Comment

तहकीकात डिजिटल मीडिया को भारत के ग्रामीण एवं अन्य पिछड़े क्षेत्रों में समाज के अंतिम पंक्ति में जीवन यापन कर रहे लोगों को एक मंच प्रदान करने के लिए निर्माण किया गया है ,जिसके माध्यम से समाज के शोषित ,वंचित ,गरीब,पिछड़े लोगों के साथ किसान ,व्यापारी ,प्रतिनिधि ,प्रतिभावान व्यक्तियों एवं विदेश में रह रहे लोगों को ग्राम पंचायत की कालम के माध्यम से एक साथ जोड़कर उन्हें एक विश्वसनीय मंच प्रदान किया जायेगा एवं उनकी आवाज को बुलंद किया जायेगा।