तिरंगा यात्रा में उमड़ा देशभक्ति का सैलाब, राष्ट्रप्रेम के रंग में रंगा खोराबार - Tahkikat News

आज का Tahkikat

Friday, 14 August 2026

तिरंगा यात्रा में उमड़ा देशभक्ति का सैलाब, राष्ट्रप्रेम के रंग में रंगा खोराबार


कृपा शंकर चौधरी 

गोरखपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर खोराबार मंडल में आयोजित तिरंगा यात्रा में देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला। यात्रा में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों, युवाओं, बच्चों और स्थानीय नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर लोगों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारे लगाए।

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ खोराबार विकासखंड परिसर स्थित सभागार से हुआ। निर्धारित मार्ग से होते हुए यात्रा रानीडीहा चौराहा पहुंची और बाद में वापस सभागार परिसर में आकर समाप्त हुई। मार्ग में जगह-जगह लोगों ने यात्रा का स्वागत किया। तिरंगों से सजी सड़कें और देशभक्ति के नारों से क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।

समापन अवसर पर मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि तिरंगा देश की आजादी, संविधान, स्वाभिमान और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस नागरिकों को राष्ट्रहित में अपने दायित्वों का निर्वहन करने और देश की एकता व अखंडता को मजबूत करने की प्रेरणा देता है।

आयोजकों के अनुसार यात्रा का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता की भावना को बढ़ावा देना था। इस दौरान उपस्थित लोगों ने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा का संकल्प भी लिया।

कार्यक्रम में महामंत्री अच्चिदानंद शाही, महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता, खोराबार मंडल अध्यक्ष राम केवल पासवान, आदित्य गुप्ता, दिनेश यदुवंशी, नरेंद्र पांडेय, सुभाष पासवान, प्रहलाद सिंह, बच्चा मिश्र, आनंद मिश्रा और अवध बिहारी कसौधन सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

तहकीकात डिजिटल मीडिया को भारत के ग्रामीण एवं अन्य पिछड़े क्षेत्रों में समाज के अंतिम पंक्ति में जीवन यापन कर रहे लोगों को एक मंच प्रदान करने के लिए निर्माण किया गया है ,जिसके माध्यम से समाज के शोषित ,वंचित ,गरीब,पिछड़े लोगों के साथ किसान ,व्यापारी ,प्रतिनिधि ,प्रतिभावान व्यक्तियों एवं विदेश में रह रहे लोगों को ग्राम पंचायत की कालम के माध्यम से एक साथ जोड़कर उन्हें एक विश्वसनीय मंच प्रदान किया जायेगा एवं उनकी आवाज को बुलंद किया जायेगा।