कृपा शंकर चौधरी
चौरी-चौरा। ब्रह्मपुर ब्लॉक के अमडीहा गांव में जनसंपर्क चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र की समस्याओं, रोजगार और विकास को लेकर ग्रामीणों के साथ चर्चा हुई। चौपाल का नेतृत्व अमर शहीद बाबू बंधू सिंह के वंशज अजय कुमार सिंह ‘टप्पू भैया’ ने किया। कार्यक्रम का संचालन पंडित राजकुमार व्यास ने किया।
चौपाल में अजय कुमार सिंह ने कहा कि चौरी-चौरा को राजनीतिक दलों और जातिगत समीकरणों से ऊपर उठकर विकास के नजरिए से देखने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं को बेहतर ढंग से वही जनप्रतिनिधि समझ सकता है, जो लगातार जनता के बीच रहकर उनकी परेशानियों से जुड़ा हो।
उन्होंने सरदारनगर शुगर फैक्ट्री की स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि कभी यह क्षेत्र की अर्थव्यवस्था और रोजगार का महत्वपूर्ण केंद्र हुआ करती थी, लेकिन वर्तमान में इसकी हालत चिंता का विषय है। क्षेत्र में रोजगार के सीमित अवसरों के कारण युवाओं को दूसरे स्थानों की ओर पलायन करना पड़ रहा है।
‘टप्पू भैया’ ने स्थानीय बनाम बाहरी नेतृत्व का मुद्दा उठाते हुए कहा कि चौरी-चौरा को ऐसा प्रतिनिधित्व चाहिए जो क्षेत्र की परिस्थितियों से परिचित हो और जनता के सुख-दुख में लगातार साथ खड़ा रहे। उन्होंने ग्रामीणों से जाति और दलगत राजनीति से ऊपर उठकर क्षेत्रहित में निर्णय लेने की अपील की।
उन्होंने कहा कि जनता को ऐसे नेतृत्व का चुनाव करना चाहिए जो केवल चुनाव के समय सक्रिय न हो, बल्कि पूरे कार्यकाल में क्षेत्र की समस्याओं को लेकर संघर्ष करता रहे।
चौपाल में जगदीश पासवानपुर प्रधान, सतीश सिंह प्रधान, भगवत सिंह, दीप नारायण, अरविंद मौर्या, अखिलेश मिश्रा, सतपाल शाह, वीरेंद्र शर्मा, अरुण जायसवाल समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष मौजूद रहे। कार्यक्रम में स्थानीय विकास और जनसमस्याओं के समाधान को लेकर चर्चा हुई।
No comments:
Post a Comment
तहकीकात डिजिटल मीडिया को भारत के ग्रामीण एवं अन्य पिछड़े क्षेत्रों में समाज के अंतिम पंक्ति में जीवन यापन कर रहे लोगों को एक मंच प्रदान करने के लिए निर्माण किया गया है ,जिसके माध्यम से समाज के शोषित ,वंचित ,गरीब,पिछड़े लोगों के साथ किसान ,व्यापारी ,प्रतिनिधि ,प्रतिभावान व्यक्तियों एवं विदेश में रह रहे लोगों को ग्राम पंचायत की कालम के माध्यम से एक साथ जोड़कर उन्हें एक विश्वसनीय मंच प्रदान किया जायेगा एवं उनकी आवाज को बुलंद किया जायेगा।