चौरी-चौरा में स्थानीय नेतृत्व की आवाज बुलंद, टप्पू भैया ने 2027 चुनाव की तैयारी का किया ऐलान - Tahkikat News

आज का Tahkikat

Monday, 7 September 2026

चौरी-चौरा में स्थानीय नेतृत्व की आवाज बुलंद, टप्पू भैया ने 2027 चुनाव की तैयारी का किया ऐलान


रिपोर्ट - विनोद कुमार 

सोनबरसा बुजुर्ग/चौरीचौरा। सरदारनगर विकासखंड के सोनबरसा बुजुर्ग गांव में सोमवार को आयोजित जनचौपाल में क्षेत्र के विकास और स्थानीय नेतृत्व का मुद्दा प्रमुखता से उठा। अजय कुमार सिंह ‘टप्पू भैया’ के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों, पूर्व प्रधानों और समर्थकों की बड़ी संख्या में मौजूदगी रही। कार्यक्रम का संचालन पंडित राजकुमार व्यास ने किया।

चौपाल को संबोधित करते हुए अजय कुमार सिंह ने कहा कि चौरी-चौरा की पहचान केवल एक विधानसभा क्षेत्र के रूप में नहीं, बल्कि स्वतंत्रता आंदोलन की ऐतिहासिक धरती के रूप में है। उन्होंने अमर शहीद बाबू बंधू सिंह के बलिदान का उल्लेख करते हुए कहा कि क्षेत्र की गौरवशाली विरासत को आगे बढ़ाने के लिए जनहित और विकास को प्राथमिकता देना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं को करीब से समझने और उनके समाधान के उद्देश्य से उन्होंने राजनीति को जनसेवा का माध्यम बनाया है। अपने बड़े भाई स्वर्गीय विनय कुमार सिंह ‘बिन्नू भैया’ के अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प भी उन्होंने दोहराया। उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से वह वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं।

अजय कुमार सिंह ने अपने संबोधन में स्थानीय बनाम बाहरी नेतृत्व का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान बाहरी प्रत्याशी क्षेत्र में सक्रिय नजर आते हैं, लेकिन चुनाव समाप्त होने के बाद जनता से उनका संपर्क कम हो जाता है। उन्होंने कहा कि अब क्षेत्र की जनता को यह तय करना होगा कि चौरी-चौरा का प्रतिनिधित्व किस प्रकार के नेतृत्व के हाथों में होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र को ऐसा प्रतिनिधि चाहिए जो स्थानीय समस्याओं, ग्रामीणों की जरूरतों और क्षेत्र की परिस्थितियों से भली-भांति परिचित हो तथा जनता के बीच लगातार उपलब्ध रहे।

चौपाल के दौरान समर्थकों ने अजय कुमार सिंह के समर्थन में नारे लगाए। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने क्षेत्र के विकास, जनहित और स्थानीय नेतृत्व को मजबूत करने की दिशा में सहयोग का भरोसा जताया।

कार्यक्रम में अम्बिका पासवान प्रधान, अरविंद कुमार, ओमप्रकाश यादव, जयराम यादव, अजय कुमार प्रजापति, माधव प्रजापति, जगदीश नारायण सिंह, अंगद पासवान, मेवालाल प्रजापति, मुस्तफा खान, दुर्गेश यादव, सोनू भारती, लालबहादुर यादव, मोती प्रजापति, किशोर यादव, रुद्र प्रताप सिंह, अरुण सिंह, विवेक सिंह पूर्व प्रधान समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण और समर्थक उपस्थित रहे।

चौपाल के समापन पर समर्थकों ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में अजय कुमार सिंह के पक्ष में एकजुट होकर कार्य करने और क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का संकल्प लिया।

No comments:

Post a Comment

तहकीकात डिजिटल मीडिया को भारत के ग्रामीण एवं अन्य पिछड़े क्षेत्रों में समाज के अंतिम पंक्ति में जीवन यापन कर रहे लोगों को एक मंच प्रदान करने के लिए निर्माण किया गया है ,जिसके माध्यम से समाज के शोषित ,वंचित ,गरीब,पिछड़े लोगों के साथ किसान ,व्यापारी ,प्रतिनिधि ,प्रतिभावान व्यक्तियों एवं विदेश में रह रहे लोगों को ग्राम पंचायत की कालम के माध्यम से एक साथ जोड़कर उन्हें एक विश्वसनीय मंच प्रदान किया जायेगा एवं उनकी आवाज को बुलंद किया जायेगा।