भाजपा के लिए सत्ता सेवा का माध्यम, 17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान - Tahkikat News

आज का Tahkikat

Monday, 7 September 2026

भाजपा के लिए सत्ता सेवा का माध्यम, 17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान


कृपा शंकर चौधरी 

गोरखपुर। रानीडीहा स्थित भाजपा कार्यालय में सोमवार को सेवा संकल्प अभियान को लेकर जिला कार्यशाला आयोजित हुई। जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यशाला में मुख्य अतिथि भाजपा के गोरखपुर जिला प्रभारी एवं विधान परिषद सदस्य सलिल विश्नोई रहे। अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जिले में 13 अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यशाला में कार्यक्रमों के संयोजक और सह संयोजकों को जिम्मेदारी सौंपी गई।

मुख्य अतिथि सलिल विश्नोई ने कहा कि भाजपा के लिए सत्ता सेवा का माध्यम है। उन्होंने पिछली गैर भाजपा सरकारों पर भ्रष्टाचार और अव्यवस्था का आरोप लगाते हुए कहा कि 2014 से पहले केंद्र और 2017 से पहले प्रदेश में बुनियादी सुविधाओं तथा कानून व्यवस्था की स्थिति खराब थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में केंद्र और प्रदेश की सरकारों ने विकास को नई दिशा दी है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। अंत्योदय और एकात्म मानववाद की विचारधारा के आधार पर सरकार की योजनाएं समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच रही हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचने का आह्वान किया।

जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री से प्रधानमंत्री तक नरेंद्र मोदी का 25 वर्ष का सार्वजनिक जीवन संकल्प और सेवा को समर्पित रहा है। इसी उपलक्ष्य में जिले में सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘बड़नगर से वाराणसी’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’, ‘रंगोली राष्ट्र’, ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ और ‘जन सेवक महाकुंभ’ सहित 13 कार्यक्रम होंगे।

उन्होंने बताया कि सभी कार्यक्रमों के लिए संयोजक और सह संयोजक बनाए गए हैं। संबंधित पदाधिकारी अपने कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर उन्हें सफल बनाने के लिए कार्य करेंगे।

कार्यशाला का संचालन अभियान संयोजक एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष हरिकेष राम त्रिपाठी ने किया।

इस दौरान नवनियुक्त क्षेत्रीय उपाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह, खजनी विधायक श्रीराम चौहान, सहजनवा विधायक प्रदीप शुक्ल, पिपराइच विधायक महेन्द्र पाल सिंह, चिल्लूपार विधायक राजेश त्रिपाठी, क्षेत्रीय कार्यसमिति सदस्य डॉ. आरडी सिंह व शिवसागर तिवारी, पूर्व जिलाध्यक्ष वंशबहादुर सिंह, जिला उपाध्यक्ष गीतांजली श्रीवास्तव, जिला महामंत्री राजाराम कन्नौजिया, डॉ. योगेश प्रताप सिंह, उमाशंकर निषाद, जिला मंत्री मनोज सिंह सैंथवार व उपेन्द्र पासवान समेत जिला पदाधिकारी, ब्लॉक प्रमुख, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा जिलाध्यक्ष और अभियान टोली के पदाधिकारी मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

तहकीकात डिजिटल मीडिया को भारत के ग्रामीण एवं अन्य पिछड़े क्षेत्रों में समाज के अंतिम पंक्ति में जीवन यापन कर रहे लोगों को एक मंच प्रदान करने के लिए निर्माण किया गया है ,जिसके माध्यम से समाज के शोषित ,वंचित ,गरीब,पिछड़े लोगों के साथ किसान ,व्यापारी ,प्रतिनिधि ,प्रतिभावान व्यक्तियों एवं विदेश में रह रहे लोगों को ग्राम पंचायत की कालम के माध्यम से एक साथ जोड़कर उन्हें एक विश्वसनीय मंच प्रदान किया जायेगा एवं उनकी आवाज को बुलंद किया जायेगा।