निज प्रतिनिधि
खोराबार। सीमित संसाधनों के बीच कड़ी मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण के दम पर जंगल गौरी नंबर एक निवासी अनीशा मोदनवाल ने नीट परीक्षा में सफलता हासिल कर परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। अनीशा ने नीट में 507 अंक प्राप्त कर ऑल इंडिया रैंक 81448 हासिल की है। उनकी सफलता की जानकारी मिलते ही परिजनों के साथ ही आसपास के गांवों में खुशी का माहौल बन गया।
अनीशा जंगल गौरी नंबर एक स्थित झंगहा चौराहे के प्रतिष्ठित व्यापारी राजेंद्र प्रसाद की पौत्री और पवन कुमार मोदनवाल की पुत्री हैं। उनके पिता चाय की दुकान संचालित कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। आर्थिक चुनौतियों के बावजूद अनीशा ने अपने लक्ष्य से समझौता नहीं किया और लगातार मेहनत करते हुए नीट परीक्षा में सफलता प्राप्त की।
अनीशा ने अपनी सफलता का श्रेय कठिन परिश्रम, नियमित अध्ययन, अनुशासन और माता-पिता सहित पूरे परिवार के सहयोग को दिया। उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा रॉयल एकेडमी, करजहां से प्राप्त की। इसके बाद नीट की तैयारी के लिए कोटा में रहकर अध्ययन किया। नियमित पढ़ाई और लक्ष्य के प्रति समर्पण का परिणाम रहा कि उन्होंने परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन किया।
अनीशा की उपलब्धि पर जंगल गौरी नंबर एक चौराहे और आसपास के गांवों के लोगों ने उनके परिवार को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। बधाई देने वालों में गणेश चौधरी, राघवेंद्र दुबे, राजन जायसवाल, राणा सिंह, एडवोकेट लल्लन प्रसाद, वीरेंद्र पासवान, नूतन मल, राजकुमार मोदनवाल, संपूर्णानंद मोदनवाल, विजय प्रसाद मोदनवाल, सुनील कुमार मोदनवाल, डॉ. राघवेंद्र प्रताप सिंह समेत कई गणमान्य लोग शामिल रहे।
No comments:
Post a Comment
तहकीकात डिजिटल मीडिया को भारत के ग्रामीण एवं अन्य पिछड़े क्षेत्रों में समाज के अंतिम पंक्ति में जीवन यापन कर रहे लोगों को एक मंच प्रदान करने के लिए निर्माण किया गया है ,जिसके माध्यम से समाज के शोषित ,वंचित ,गरीब,पिछड़े लोगों के साथ किसान ,व्यापारी ,प्रतिनिधि ,प्रतिभावान व्यक्तियों एवं विदेश में रह रहे लोगों को ग्राम पंचायत की कालम के माध्यम से एक साथ जोड़कर उन्हें एक विश्वसनीय मंच प्रदान किया जायेगा एवं उनकी आवाज को बुलंद किया जायेगा।