कमलेश कुमार मोतीराम अड्डा गोरखपुर
मोतीराम अड्डा (गोरखपुर)। कुसम्ही रेलवे स्टेशन के पूर्वी समपार फाटक संख्या 152 स्पेशल पर शुक्रवार को उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब एक युवक बंद रेलवे फाटक के नीचे से साइकिल पर घरेलू गैस सिलेंडर लेकर रेलवे ट्रैक पार करने लगा। इसी दौरान रन-थ्रू गुजर रही ट्रेन के इंजन से सिलेंडर टकरा गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम मौके पर पहुंची। आरपीएफ ने एसएसई/सिग्नल और स्टेशन अधीक्षक के साथ घटनास्थल का संयुक्त निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में युवक की लापरवाही सामने आने के बाद उसके खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 153 और 147 के तहत कार्रवाई की गई। मौके से घरेलू गैस सिलेंडर और साइकिल को जब्त कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार युवक की पहचान अखिलेश निषाद (20) पुत्र भीम निषाद, निवासी भैंसहां बाढ़न, थाना खोराबार, गोरखपुर के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ मु.अ.सं. 425/26 दर्ज किया गया है। मामले की जांच आरपीएफ पोस्ट देवरिया सदर के सहायक उप निरीक्षक सूरज यादव कर रहे हैं।
रेलवे सुरक्षा बल ने लोगों से अपील की है कि बंद रेलवे फाटक के नीचे से किसी भी परिस्थिति में रेलवे ट्रैक पार करने का प्रयास न करें। ऐसी लापरवाही जानलेवा साबित होने के साथ ही रेलवे अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध भी है।
नोट: यह फोटो प्रतीकात्मक है।
No comments:
Post a Comment
तहकीकात डिजिटल मीडिया को भारत के ग्रामीण एवं अन्य पिछड़े क्षेत्रों में समाज के अंतिम पंक्ति में जीवन यापन कर रहे लोगों को एक मंच प्रदान करने के लिए निर्माण किया गया है ,जिसके माध्यम से समाज के शोषित ,वंचित ,गरीब,पिछड़े लोगों के साथ किसान ,व्यापारी ,प्रतिनिधि ,प्रतिभावान व्यक्तियों एवं विदेश में रह रहे लोगों को ग्राम पंचायत की कालम के माध्यम से एक साथ जोड़कर उन्हें एक विश्वसनीय मंच प्रदान किया जायेगा एवं उनकी आवाज को बुलंद किया जायेगा।