भोजपुरी को संवैधानिक दर्जा दिलाने को गांव-गांव चलेगा जनजागरण अभियान - Tahkikat News

आज का Tahkikat

Monday, 10 August 2026

भोजपुरी को संवैधानिक दर्जा दिलाने को गांव-गांव चलेगा जनजागरण अभियान


भोजपुरी पुनर्जागरण मंच के प्रखंड स्तरीय सम्मेलन में मातृभाषा के रूप में भोजपुरी लिखने का आह्वान

सिवान, 9 अगस्त। भोजपुरी भाषा, साहित्य और संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन तथा भोजपुरी को संवैधानिक दर्जा दिलाने की मांग को लेकर भोजपुरी पुनर्जागरण मंच की सिवान इकाई की ओर से रविवार को गुरुकुल सेंट्रल स्कूल, कन्हौली, प्रखंड दरौली में प्रखंड स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता मंच के संस्थापक अध्यक्ष नरसिंह ने की, जबकि संचालन विद्याभूषण सिंह ने किया।

सम्मेलन में भोजपुरी भाषा के संरक्षण, प्रचार-प्रसार और आने वाली पीढ़ियों तक भोजपुरी की समृद्ध विरासत को पहुंचाने पर विस्तार से चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि भोजपुरी केवल बोलचाल की भाषा नहीं, बल्कि क्षेत्र की पहचान, अस्मिता और लोक संस्कृति से जुड़ी भाषा है। इसे संवैधानिक दर्जा दिलाने के लिए संगठित और निरंतर प्रयास की आवश्यकता है।

सम्मेलन के दौरान नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को उनके पद एवं दायित्व की जिम्मेदारी सौंपी गई। विनय पांडेय को संरक्षक, पंकज सिंह को प्रखंड अध्यक्ष, अमरेंद्र सिंह, पप्पू सिंह एवं संजय कुमार सिंह को उपाध्यक्ष, सुमित कुशवाहा को प्रखंड मंत्री, रंजीत सिंह को संयुक्त मंत्री, हरि नारायण कुशवाहा को संगठन मंत्री, जय प्रकाश सिंह को कोषाध्यक्ष, सुरेश कुशवाहा को मीडिया प्रभारी तथा संजय सिंह को युवा प्रकोष्ठ का प्रभारी बनाया गया। विद्याभूषण सिंह को प्रमुख मार्गदर्शक मंडल की जिम्मेदारी दी गई।

सम्मेलन में निर्णय लिया गया कि जनगणना के दौरान मातृभाषा के कॉलम में भोजपुरी दर्ज कराने के लिए गांव-गांव प्रचार अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही प्रत्येक पंचायत में कमेटियों का गठन कर लोगों को भोजपुरी भाषा के महत्व के प्रति जागरूक किया जाएगा।

भोजपुरी को संवैधानिक दर्जा दिलाने की मांग को लेकर प्रखंड प्रमुख, प्रखंड पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी तथा सांसद और विधायकों को ज्ञापन सौंपने का भी निर्णय लिया गया। सम्मेलन में भोजपुरी भाषा के संरक्षण, संवर्धन और संवैधानिक अधिकार के लिए व्यापक जनजागरण अभियान चलाने पर सहमति बनी।

कार्यक्रम में कप्तान वीरेंद्र सिंह, उत्तर प्रदेश ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष सुभाष सिंह कुशवाहा, सिवान इकाई के संरक्षक प्रोफेसर भृगुनाथ प्रसाद, मार्गदर्शक मंडल प्रमुख एवं जिला अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष रविंद्र कुमार सिंह तथा नित्यानंद आनंद सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

समापन पर मंच के संस्थापक अध्यक्ष नरसिंह ने उपस्थित लोगों के प्रति आभार जताते हुए नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि “भोजपुरी हमारी पहचान, हमारी अस्मिता और हमारी संस्कृति है। संवैधानिक दर्जा हमारा अधिकार है।”

No comments:

Post a Comment

तहकीकात डिजिटल मीडिया को भारत के ग्रामीण एवं अन्य पिछड़े क्षेत्रों में समाज के अंतिम पंक्ति में जीवन यापन कर रहे लोगों को एक मंच प्रदान करने के लिए निर्माण किया गया है ,जिसके माध्यम से समाज के शोषित ,वंचित ,गरीब,पिछड़े लोगों के साथ किसान ,व्यापारी ,प्रतिनिधि ,प्रतिभावान व्यक्तियों एवं विदेश में रह रहे लोगों को ग्राम पंचायत की कालम के माध्यम से एक साथ जोड़कर उन्हें एक विश्वसनीय मंच प्रदान किया जायेगा एवं उनकी आवाज को बुलंद किया जायेगा।