गोरखपुर। उन्नाव जिले में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के राष्ट्रगान के बीच कार्यक्रम स्थल से चले जाने का वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस नेताओं ने विरोध जताया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसे राष्ट्रगान के सम्मान से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए विधानसभा अध्यक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
चौरी चौरा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सभा कोना सोनबरसा निवासी कांग्रेस नेता एवं अधिवक्ता अमरनाथ पासवान के नेतृत्व में जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी कोतवाली पहुंचे। इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश तिवारी, महानगर अध्यक्ष रवि प्रताप निषाद, अभिषेक राय गांधी, महानगर उपाध्यक्ष सुरेंद्र पासवान, जय नारायण यादव, जिला उपाध्यक्ष शिवकुमार श्रीवास्तव, वरिष्ठ नेता राकेश पांडेय सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस नेताओं ने कोतवाल को प्रार्थना पत्र सौंपकर सतीश महाना के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की। उनका कहना था कि राष्ट्रगान देश की एकता, अखंडता और सम्मान का प्रतीक है। ऐसे में राष्ट्रगान के दौरान कार्यक्रम से चले जाना उचित नहीं है और मामले की जांच कर विधिक कार्रवाई की जानी चाहिए।
कांग्रेस नेताओं के अनुसार, इसी मुद्दे को लेकर प्रदेश के अन्य जिलों में भी पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से संबंधित थानों में शिकायतें देकर कार्रवाई की मांग की जा रही है।
No comments:
Post a Comment
तहकीकात डिजिटल मीडिया को भारत के ग्रामीण एवं अन्य पिछड़े क्षेत्रों में समाज के अंतिम पंक्ति में जीवन यापन कर रहे लोगों को एक मंच प्रदान करने के लिए निर्माण किया गया है ,जिसके माध्यम से समाज के शोषित ,वंचित ,गरीब,पिछड़े लोगों के साथ किसान ,व्यापारी ,प्रतिनिधि ,प्रतिभावान व्यक्तियों एवं विदेश में रह रहे लोगों को ग्राम पंचायत की कालम के माध्यम से एक साथ जोड़कर उन्हें एक विश्वसनीय मंच प्रदान किया जायेगा एवं उनकी आवाज को बुलंद किया जायेगा।