रिपोर्ट - कमलेश कुमार
मोतीराम अड्डा-झंगहा मार्ग पर स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय रामपुर के सामने दुर्घटना का खतरा
गोरखपुर। विकासखंड खोराबार क्षेत्र के मोतीराम अड्डा-झंगहा मार्ग पर स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय रामपुर (रा) में पढ़ने वाले विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। विद्यालय के सामने सड़क पर न तो कोई स्कूल संकेतक लगा है और न ही वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने के लिए ब्रेकर की व्यवस्था है। वहीं विद्यालय की चारदीवारी भी अधूरी पड़ी है, जिससे बच्चों के लिए दुर्घटना का खतरा और बढ़ गया है।
विद्यालय में छुट्टी होने के बाद बच्चे जल्दबाजी में सड़क पार करते हैं। इसी दौरान मोतीराम अड्डा-झंगहा मार्ग से तेज रफ्तार में गुजरने वाले भारी वाहनों की चपेट में आने की आशंका बनी रहती है। सड़क पर ब्रेकर अथवा पर्याप्त चेतावनी संकेतक नहीं होने के कारण वाहन चालकों को विद्यालय के सामने बच्चों की आवाजाही का अंदाजा भी आसानी से नहीं हो पाता।
दूसरी ओर, विद्यालय की चारदीवारी पूरी नहीं होने के कारण कई बच्चे मुख्य गेट के बजाय अन्य रास्तों से तेजी से बाहर निकलते हैं। इससे सड़क की ओर अचानक बच्चों के पहुंचने की स्थिति में हादसे की आशंका और बढ़ जाती है। अभिभावकों और स्थानीय लोगों का कहना है कि विद्यालय के सामने सड़क पर तत्काल ब्रेकर, स्कूल जोन का संकेतक और अन्य सुरक्षा व्यवस्था की जानी चाहिए। साथ ही विद्यालय की अधूरी चारदीवारी को भी जल्द पूरा कराया जाना आवश्यक है।
स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि खबर प्रकाशित होने के बाद संबंधित विभाग मामले को गंभीरता से लेते हुए विद्यालय के सामने सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ अधूरी चारदीवारी का निर्माण जल्द पूरा कराएगा, ताकि किसी अनहोनी से पहले बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
No comments:
Post a Comment
तहकीकात डिजिटल मीडिया को भारत के ग्रामीण एवं अन्य पिछड़े क्षेत्रों में समाज के अंतिम पंक्ति में जीवन यापन कर रहे लोगों को एक मंच प्रदान करने के लिए निर्माण किया गया है ,जिसके माध्यम से समाज के शोषित ,वंचित ,गरीब,पिछड़े लोगों के साथ किसान ,व्यापारी ,प्रतिनिधि ,प्रतिभावान व्यक्तियों एवं विदेश में रह रहे लोगों को ग्राम पंचायत की कालम के माध्यम से एक साथ जोड़कर उन्हें एक विश्वसनीय मंच प्रदान किया जायेगा एवं उनकी आवाज को बुलंद किया जायेगा।