ड्यूटी से लौट रहे सिपाही को ट्रक ने मारी टक्कर, मौत - Tahkikat News

आज का Tahkikat

Saturday, 17 October 2026

ड्यूटी से लौट रहे सिपाही को ट्रक ने मारी टक्कर, मौत


चौरीचौरा के देवीपुर पेट्रोल पंप के पास हादसा, झंगहा थाने में थे तैनात

रिपोर्ट - कमलेश कुमार 

चौरीचौरा (गोरखपुर)। चौरीचौरा थाना क्षेत्र के देवीपुर पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार रात करीब 10 बजे ट्रक की टक्कर से बाइक सवार सिपाही अर्जुन गौड़ (35) की मौत हो गई। वह झंगहा थाने में तैनात थे और सरकारी काम से चौरीचौरा सीओ कार्यालय आने के बाद बाइक से वापस झंगहा लौट रहे थे।

हादसे में गंभीर रूप से घायल सिपाही को आसपास के लोगों की मदद से एम्स पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

बलिया जिले के नरही थाना क्षेत्र के पलिया खास टोला बड़का खेत निवासी अर्जुन गौड़ पुत्र तेज प्रताप गौड़ करीब आठ माह से झंगहा थाने में तैनात थे। इससे पहले वह करीब दो वर्ष तक चौरीचौरा थाने में अपनी सेवाएं दे चुके थे।

बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात वह सीओ कार्यालय से जरूरी सरकारी कागजात लेकर झंगहा लौट रहे थे। इसी दौरान देवीपुर पेट्रोल पंप के पास देवरिया की ओर से गोरखपुर जा रहे ट्रक से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं और अस्पताल पहुंचने पर उनकी मौत हो गई।

अर्जुन गौड़ दो बच्चों के पिता थे। उनकी मौत की सूचना मिलते ही साथी पुलिसकर्मियों में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने ट्रक और चालक को कब्जे में लेकर हादसे की जांच शुरू कर दी है।

No comments:

Post a Comment

तहकीकात डिजिटल मीडिया को भारत के ग्रामीण एवं अन्य पिछड़े क्षेत्रों में समाज के अंतिम पंक्ति में जीवन यापन कर रहे लोगों को एक मंच प्रदान करने के लिए निर्माण किया गया है ,जिसके माध्यम से समाज के शोषित ,वंचित ,गरीब,पिछड़े लोगों के साथ किसान ,व्यापारी ,प्रतिनिधि ,प्रतिभावान व्यक्तियों एवं विदेश में रह रहे लोगों को ग्राम पंचायत की कालम के माध्यम से एक साथ जोड़कर उन्हें एक विश्वसनीय मंच प्रदान किया जायेगा एवं उनकी आवाज को बुलंद किया जायेगा।