एम्स पुलिस की त्वरित कार्रवाई, वारदात में प्रयुक्त ऑटो रिक्शा भी किया गया बरामद
रिपोर्ट: विनोद कुमार
सोनबरसा बाजार एवं जगदीशपुर, गोरखपुर
गोरखपुर। एम्स थाना क्षेत्र के जगदीशपुर पुलिस चौकी अंतर्गत कुसम्ही बाजार स्थित मोतीराम अड्डा रोड पर संचालित एक डीजे दुकान में हुई चोरी की घटना का एम्स पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी गया सामान एवं वारदात में प्रयुक्त ऑटो रिक्शा बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, बुधवार की रात कुसम्ही बाजार स्थित आशीष डीजे नामक दुकान में अज्ञात चोरों ने सेंध लगाकर डीजे संचालन से संबंधित महंगे उपकरण चोरी कर लिए थे। पीड़ित की तहरीर पर एम्स थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुटी थी।
जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर एम्स पुलिस ने कुशीनगर मार्ग स्थित कुसम्ही जंगल के रजही मोड़ के पास से तीन संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम मुकेश प्रजापति पुत्र कमलेश प्रजापति, निवासी शेखपुरवा, थाना चिलुआताल; शुभम साहनी उर्फ राज पुत्र इंद्रजीत साहनी, निवासी शेखपुरवा; तथा संदीप साहनी उर्फ छोटू पुत्र विद्यासागर, निवासी शेखपुरवा, थाना चिलुआताल बताए। तीनों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई पांच साउंड मशीनें, तीन एसआरपी बॉक्स, एक पायलट मिक्सर मशीन तथा घटना में प्रयुक्त ऑटो रिक्शा बरामद कर लिया। बरामद सामान को कब्जे में लेकर पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस सफल कार्रवाई में थानाध्यक्ष एम्स महेंद्र कुमार पांडेय, थानाध्यक्ष चिलुआताल सूरज सिंह, जगदीशपुर चौकी प्रभारी गौरव तिवारी, उपनिरीक्षक ज्ञान चंद पटेल सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और अपराधियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
No comments:
Post a Comment
तहकीकात डिजिटल मीडिया को भारत के ग्रामीण एवं अन्य पिछड़े क्षेत्रों में समाज के अंतिम पंक्ति में जीवन यापन कर रहे लोगों को एक मंच प्रदान करने के लिए निर्माण किया गया है ,जिसके माध्यम से समाज के शोषित ,वंचित ,गरीब,पिछड़े लोगों के साथ किसान ,व्यापारी ,प्रतिनिधि ,प्रतिभावान व्यक्तियों एवं विदेश में रह रहे लोगों को ग्राम पंचायत की कालम के माध्यम से एक साथ जोड़कर उन्हें एक विश्वसनीय मंच प्रदान किया जायेगा एवं उनकी आवाज को बुलंद किया जायेगा।