गोरखपुर की सभी विधानसभा सीटों पर फिर कमल खिलाने का संकल्प लें कार्यकर्ता: विनोद राय - Tahkikat News

आज का Tahkikat

Wednesday, 2 September 2026

गोरखपुर की सभी विधानसभा सीटों पर फिर कमल खिलाने का संकल्प लें कार्यकर्ता: विनोद राय

2027 में 2017 से बड़ी जीत का लक्ष्य, बूथों को मजबूत करने पर भाजपा का फोकस

कृपा शंकर चौधरी 

गोरखपुर। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। मंगलवार को रानीडीहा स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में गोरखपुर जिले के सभी मंडल अध्यक्षों, मंडल प्रभारियों और मंडल प्रवासियों की बैठक हुई। इसमें प्रत्येक बूथ को कार्यकर्ताओं की दृष्टि से मजबूत बनाने तथा आगामी दिनों में बूथ स्तर पर प्रवास एवं बैठकों की रणनीति तय की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने कहा कि वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव पार्टी नेतृत्व की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। हाल ही में लखनऊ में हुई बैठक में संगठन को चुनाव की तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश प्राप्त हुए हैं। इसी क्रम में 2, 3 और 4 सितंबर को निर्धारित मंडल प्रवासी, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी, शक्ति केंद्र प्रमुख और बूथ अध्यक्षों के साथ बैठक कर आगामी रणनीति को अंतिम रूप दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि गोरखपुर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गृह जनपद है। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में गोरखपुर समेत पूरे मंडल में भाजपा को सभी सीटों पर सफलता मिली थी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि 2027 में जिले की सभी विधानसभा सीटों पर एक बार फिर भाजपा की जीत सुनिश्चित करने का संकल्प लेकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि गोरखपुर के कार्यकर्ताओं का सम्मान बढ़ाने के साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व को भी और मजबूती प्रदान करेगी।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव की अधिसूचना में अब करीब 100 दिन का समय शेष है। पार्टी नेतृत्व का पूरा ध्यान बूथों को मजबूत करने पर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती के लिए पूरी तत्परता से जुटने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि पार्टी चुनावी मोड में आ चुकी है। संगठन में यदि कहीं कोई कमी या कमजोरी है तो उसे समय रहते दूर करना जरूरी है। पार्टी नेतृत्व ने गोरखपुर जिले के कार्यकर्ताओं को 2027 में वर्ष 2017 से भी बड़ी जीत दिलाने का लक्ष्य दिया है। इस लक्ष्य को हासिल करना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।
बैठक का संचालन अभियान के जिला संयोजक एवं भाजपा जिला महामंत्री राजाराम कन्नौजिया ने किया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय उपाध्यक्ष एवं अभियान संयोजक डॉ. सत्येंद्र सिन्हा, पूर्व जिला महामंत्री एवं पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य डॉ. आरडी सिंह, डीसीएफ चेयरमैन गुलाब रघुवर सिंह, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी डॉ. बच्चा पाण्डेय नवीन, मीडिया संपर्क विभाग के क्षेत्रीय संयोजक सिद्धार्थ शंकर पाण्डेय, जिला महामंत्री उमाशंकर निषाद व डॉ. योगेश प्रताप सिंह, अभियान सह संयोजक एवं जिला मंत्री धर्मेंद्र कुमार मिश्र व राकेश चौधरी, जिला उपाध्यक्ष छोटेलाल मौर्य, मनोज कुमार शुक्ल, हरिकेश राम त्रिपाठी, ब्रह्मानंद शुक्ल, कृष्णपाल सिंह, गीतांजली श्रीवास्तव, डॉ. सदानंद शर्मा, जिला कोषाध्यक्ष शत्रुघ्न कसौधन, जिला मंत्री मनोज सिंह सैंथवार, मंजू सिंह, जिला मीडिया प्रभारी केएम मझवार सहित बड़ी संख्या में जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी एवं मंडल प्रवासी मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

तहकीकात डिजिटल मीडिया को भारत के ग्रामीण एवं अन्य पिछड़े क्षेत्रों में समाज के अंतिम पंक्ति में जीवन यापन कर रहे लोगों को एक मंच प्रदान करने के लिए निर्माण किया गया है ,जिसके माध्यम से समाज के शोषित ,वंचित ,गरीब,पिछड़े लोगों के साथ किसान ,व्यापारी ,प्रतिनिधि ,प्रतिभावान व्यक्तियों एवं विदेश में रह रहे लोगों को ग्राम पंचायत की कालम के माध्यम से एक साथ जोड़कर उन्हें एक विश्वसनीय मंच प्रदान किया जायेगा एवं उनकी आवाज को बुलंद किया जायेगा।