खेत में मिला अज्ञात महिला का नग्न शव, गले पर मिले चोट के निशान; हत्या की आशंका - Tahkikat News

आज का Tahkikat

Thursday, 3 September 2026

खेत में मिला अज्ञात महिला का नग्न शव, गले पर मिले चोट के निशान; हत्या की आशंका


रिपोर्ट - महेंद्र चौधरी 

झंगहा। थाना क्षेत्र के गहिरा गांव के भूइंहार टोला में गुरुवार सुबह सड़क किनारे खेत में करीब 35 वर्षीय अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। महिला का शव नग्न अवस्था में था। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। देर शाम तक महिला की पहचान नहीं हो सकी थी।

ग्रामीणों के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब सात बजे सड़क किनारे खेत में शव दिखाई दिया। इसकी जानकारी फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। एक ग्रामीण ने शव पर कपड़ा डालकर पुलिस को सूचना दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।

छानबीन के दौरान घटनास्थल से कुछ दूरी पर एक लोअर, चप्पल और मोबाइल फोन बरामद हुआ। पुलिस ने सभी सामान को कब्जे में ले लिया है। मोबाइल फोन की जांच के जरिए मृतका की पहचान करने के साथ ही उसके संपर्क में रहे लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, महिला के गले पर चोट के निशान मिले हैं। प्रथम दृष्टया गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। महिला के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की आशंका को ध्यान में रखते हुए भी पुलिस जांच कर रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारण और अन्य परिस्थितियों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस को आशंका है कि महिला की हत्या किसी अन्य स्थान पर करने के बाद शव को यहां लाकर फेंका गया होगा। इस संभावना को देखते हुए घटनास्थल के साथ आसपास के क्षेत्रों में भी पुलिस छानबीन कर रही है।

एसपी नॉर्थ ज्ञानेंद्र ने बताया कि मामले की सभी संभावित पहलुओं से जांच की जा रही है। मृतका की पहचान कराने के लिए आसपास के जिलों की पुलिस से भी संपर्क किया गया है।

No comments:

Post a Comment

तहकीकात डिजिटल मीडिया को भारत के ग्रामीण एवं अन्य पिछड़े क्षेत्रों में समाज के अंतिम पंक्ति में जीवन यापन कर रहे लोगों को एक मंच प्रदान करने के लिए निर्माण किया गया है ,जिसके माध्यम से समाज के शोषित ,वंचित ,गरीब,पिछड़े लोगों के साथ किसान ,व्यापारी ,प्रतिनिधि ,प्रतिभावान व्यक्तियों एवं विदेश में रह रहे लोगों को ग्राम पंचायत की कालम के माध्यम से एक साथ जोड़कर उन्हें एक विश्वसनीय मंच प्रदान किया जायेगा एवं उनकी आवाज को बुलंद किया जायेगा।